Lucknow: रहीमाबाद हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में हुआ ये खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के अंतर्गत रहीमाबाद थाना क्षेत्र में हुई हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज कुछ घंटों में सुलझा ली है। इस सनसनीखेज हत्या में शामिल दो आरोपियों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है और उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, गड़ासा और पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

मामला क्या था?

16 जून 2025 को ग्राम हामिदखेड़ा, थाना रहीमाबाद की निवासी रामदुलारी ने अपने बेटे की हत्या के संबंध में थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। अज्ञात दो व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज हुई इस एफआईआर (मुकदमा संख्या 93/2025) की जांच थानाध्यक्ष आनंद कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में की जा रही थी।

जांच के दौरान तकनीकी और मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए दो संदिग्धों की पहचान सुनील कुमार गौतम (उम्र 44 वर्ष), दिव्यांश (उम्र 19 वर्ष, सुनील का बेटा) के रुप में हुई। दोनों निवासी नायक नगर, थाना मड़ियांव, लखनऊ हैं और आलमारी की दुकान चलाते हैं।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

मुखबिर से मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने हरदोई-लखनऊ रोड स्थित जालामऊ मोड़ के पास से दोनों को गिरफ़्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि इस हत्या की वजह विवाहेतर संबंध थे, जिससे नाराज़ होकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने एक धारदार छूरी, एक गड़ासा (आला-ए-कत्ल), पल्सर मोटरसाइकिल (UP32FX6745) सभी साक्ष्य को मुकदमे में शामिल कर लिया गया है।

कानूनी प्रक्रिया जारी

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान मानवाधिकार आयोग और सर्वोच्च न्यायालय के सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन किया गया। आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य आपराधिक मामलों के लिए संबंधित थानों और जिलों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Also Read: पेपर लीक कांड का मुख्य आरोपी और एक लाख का इनामी आयुष पांडेय गिरफ्तार, UP STF ने दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.