Lucknow: पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की साजिश, पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में पुलिस कमिश्नरेट उत्तरी ज़ोन की क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और थाना बक्शी का तालाब (बीकेटी) की संयुक्त टीम ने गोली मारकर हत्या की एक सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण किया है। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की पत्नी ने ही अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस ने मृतक की पत्नी समेत दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार 25 अक्टूबर, 2025 को थाना बक्शी का तालाब क्षेत्र के मामपुर बाना निवासी प्रदीप कुमार गौतम (उम्र लगभग 25 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी चांदनी गौतम की तहरीर पर थाना स्थानीय पर अज्ञात के खिलाफ मु0अ0सं0 454/2025 धारा 103 (1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच और खुलासा
गहन विवेचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के माध्यम से पुलिस को जानकारी मिली कि हत्या में मृतक की पत्नी और उसका पुरुष मित्र शामिल है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त बच्चा लाल (उम्र 22 वर्ष, निवासी बांदा) ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि उसका मृतक की पत्नी चांदनी गौतम उर्फ ज्योति (उम्र लगभग 28 वर्ष) के साथ अवैध प्रेम संबंध था। मृतक प्रदीप गौतम शराब पीता था और चांदनी से मारपीट करता था। इस प्रताड़ना से परेशान होकर चांदनी ने बच्चा लाल के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई।
25 अक्टूबर, 2025 को चांदनी ने अपने पति की लोकेशन बच्चा लाल को बताई। बच्चा लाल ने प्रदीप को शराब पीने के बहाने रिंग रोड किनारे मामपुर बाना कट पर ले जाकर पहले शराब पिलाई, और फिर देशी तमंचे से पीठ एवं दाहिनी कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद अभियुक्त बच्चा लाल मृतक की मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया।

गिरफ्तारी और बरामदगी
पुलिस ने खड़ंजा मार्ग, मामपुर श्मशान घाट के पास से अभियुक्त बच्चा लाल को सोमवार (28 अक्टूबर) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मृतक की मोटरसाइकिल बरामद हुई। बच्चा लाल के बयान और साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्ता चांदनी गौतम उर्फ ज्योति को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं (भारतीय न्याय संहिता व आर्म्स एक्ट) की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
Also Read: आजमगढ़: छठ पूजा ड्यूटी से लौट रहे हेड कांस्टेबल की मौत से मचा हड़कंप, परिवार में मचा कोहराम

