पीलीभीत में रामलीला कमेटी के हिसाब पर खूनी विवाद, दो सगे भाइयों समेत 3 की मौत
Pilibhit Firing Case: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर पुरानी रंजिश में सोमवार को गोलीबारी हो गई। दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई फायरिंग में दो सगे भाइयों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल है।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अंकित गुप्ता, उनके 32 वर्षीय भाई मोहित गुप्ता और 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है। घायल रोज गुप्ता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद कस्बे में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
बैठक के बाद घर के बाहर हुई फायरिंग
जानकारी के मुताबिक, अमरिया निवासी अंकित गुप्ता, पुत्र नरेश गुप्ता और दूसरे पक्ष के कौशल गुप्ता के बीच रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी विवाद को लेकर सोमवार को एक संगठन की बैठक के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
बैठक खत्म होने के बाद कौशल गुप्ता के घर के बाहर विवाद दोबारा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कौशल गुप्ता की ओर से लाइसेंसी राइफल से ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। फायरिंग में अंकित और मोहित को गोली लगी। इसी दौरान वहां से गुजर रहा 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव भी गोली की चपेट में आ गया।
कुनाल कस्बे की एक किताब की दुकान पर काम करता था। वह काम खत्म करके घर लौट रहा था, तभी उसे गोली लग गई। अंकित और कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मोहित को बरेली के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना (Pilibhit Firing Case) की सूचना मिलते ही एएसपी हिमांशु गौरव समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। वारदात के बाद इलाके में तनाव की स्थिति रही।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि पुलिस रामलीला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुए विवाद, गोलीबारी के पूरे घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: झांसी का ‘काली बाबा’ निकला हरदोई का हिस्ट्रीशीटर, फौज की ड्रेस में लगाता था दिव्य दरबार

