Lucknow: महिला की हत्या का खुलासा, पति समेत दो गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में
Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को संरक्षण में लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों में मृतका का पति भी शामिल है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सनी शर्ट, टूटे मोबाइल फोन और कांच की चूड़ियों के टुकड़े भी बरामद किए हैं।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 20 मई 2025 को रात 11:08 बजे थाना मोहनलालगंज को सूचना मिली कि राजा खेड़ा गांव के पास एक महिला का एक्सीडेंट हो गया है। मौके पर पहुंची पुलिस को मुस्कान बानो और उसका पति मोहम्मद आसिफ घायल अवस्था में मिले। दोनों को तत्काल सीएचसी मोहनलालगंज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया।
अगले दिन 21 मई को मृतका के नाना अशरफ अली ने पुलिस को बताया कि मुस्कान का निकाह 24 फरवरी 2023 को मोहम्मद आसिफ से हुआ था और उन्हें शक है कि उसकी हत्या उसी ने की है। इस सूचना के आधार पर धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो टीमों का गठन किया। जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे मुस्कान के पति मोहम्मद आसिफ, उसका भांजा मन्ना उर्फ आफताब और एक नाबालिग दोस्त की साजिश थी। 23 मई 2025 को पुलिस ने इन तीनों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि नाबालिग को संरक्षण में ले लिया गया।
हत्या की साजिश का खुलासा
पुलिस पूछताछ में पता चला कि मोहम्मद आसिफ अपनी पत्नी मुस्कान से बच्चा नहीं चाहता था क्योंकि वह पहले से शादीशुदा था और उसके अन्य बच्चे भी हैं। वहीं मुस्कान बच्चा चाहती थी, जिससे दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। इसके अलावा आसिफ को मुस्कान के चरित्र पर शक भी था।
इन्हीं कारणों से आसिफ ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने अपने भांजे मन्ना से हत्या के बदले ₹1 लाख देने की बात की, जिसे मन्ना ने स्वीकार कर लिया। मन्ना ने अपने एक नाबालिग मित्र को भी इस साजिश में शामिल कर लिया।
हत्या की वारदात
दिनांक 20 मई को आसिफ अपनी पत्नी को इलाज के बहाने उन्नाव ले गया। वहां मन्ना और नाबालिग ने चाकू खरीदा। शाम तक समय बिताने के बाद तीनों मुस्कान को लेकर वापस लखनऊ आ रहे थे। रात करीब 9:30 बजे मोहनलालगंज में एक सुनसान रास्ते पर मन्ना ने मोटरसाइकिल से गिरा कर मुस्कान को रोका और तीनों ने मिलकर उसकी चाकू से हत्या कर दी।
इसी दौरान वहां से कुछ लोग मोटरसाइकिल पर गुजर रहे थे, जिन्हें देखकर मन्ना और उसका साथी मौके से भाग निकले। बाद में आसिफ ने अपनी पत्नी के शव को स्कूटी से बांधकर रोड किनारे गिरा दिया और घटना को एक्सीडेंट और लूट की शक्ल देने की कोशिश की। उन्होंने दोनों के मोबाइल भी तोड़कर नहर के किनारे फेंक दिए।

बरामद सामान
- 01 चाकू (आलाकत्ल)
- 01 खून से सनी शर्ट
- 01 रसीद
- 02 टूटे मोबाइल फोन
- मृतका की चूड़ी के टुकड़े
- 02 मोटरसाइकिलें (UP32KT8938 और UP32NC6875)
Also Read: लखनऊ में होर्डिंग के ज़रिए सियासी संदेश, सपा पर निशाना, ब्रजेश पाठक को लेकर कही यह बात

