Mahoba Accident: चित्रकूट दर्शन से लौट रहे पति-पत्नी की मौत, बहन और जीजा गंभीर रूप से घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार उनकी बहन और जीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा श्रीनगर थाना क्षेत्र के कानपुर-सागर हाईवे पर स्थित कैमाहा गांव के पास हुआ।

मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के किशनगढ़ निवासी 54 वर्षीय सतीश खरे अपनी पत्नी रश्मि खरे (48 वर्ष), बहन संगीता (51 वर्ष) और जीजा रमाकांत (54 वर्ष) के साथ चित्रकूट दर्शन करके लौट रहे थे। सभी लोग ऑल्टो कार (MP 16 C 9806) में सवार थे।

जब कार महोबा के श्रीनगर क्षेत्र में कैमाहा गांव के पास पहुंची, तो अचानक तेज रफ्तार में चल रही कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सतीश खरे की मौके पर ही मौत हो गई।

इलाज के दौरान पत्नी ने भी तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही श्रीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान सतीश की पत्नी रश्मि खरे ने भी दम तोड़ दिया। वहीं संगीता और रमाकांत की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में अंदेशा जताया गया है कि कार चला रहे सतीश खरे को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परिवार में पसरा मातम

मृतक सतीश खरे अपने पीछे तीन बच्चों 19 वर्षीय आशिका, 18 वर्षीय आयुषी और 15 वर्षीय अंश को छोड़ गए हैं। जैसे ही हादसे की खबर परिवार तक पहुंची, पूरे घर में कोहराम मच गया है। क्षेत्र में भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक की लहर है।

Also Read: कार लोन फ्रॉड गैंग का सरगना मेरठ से गिरफ्तार, लाखों की गाड़ियां लोन पर लेकर करता था धोखाधड़ी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.