UP में प्रशासनिक महाफेरबदल, 182 PCS अफसरों का ट्रांसफर, 100 से ज्यादा SDM के तबादले
UP Transfer News: उत्तर प्रदेश में रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। योगी सरकार ने एक साथ 182 पीसीएस (PCS) अधिकारियों के तबादले कर दिए, जिनमें 100 से अधिक उपजिलाधिकारी (SDM) शामिल हैं। देर रात जारी हुई तबादला सूची में प्रदेश के लगभग सभी जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इसे हाल के समय का सबसे बड़ा प्रशासनिक फेरबदल माना जा रहा है।
शासन ने पहले 10 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इसके कुछ ही देर बाद दूसरी सूची जारी करते हुए कुल 182 पीसीएस अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी कर दिए। इस व्यापक फेरबदल के बाद कई जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था नए अधिकारियों के जिम्मे होगी।

100 से ज्यादा SDM समेत कई अहम पदों पर नई तैनाती
तबादला सूची में सबसे अधिक संख्या उपजिलाधिकारियों (SDM) की है। इसके अलावा आवास विकास परिषद के सहायक आवास आयुक्त, वक्फ बोर्ड न्यायाधिकरण के रजिस्ट्रार, नगर निगमों के सहायक नगर आयुक्त, स्थानीय निकाय निदेशालय के सहायक निदेशक और विभिन्न विकास प्राधिकरणों के विशेष कार्याधिकारी भी शामिल हैं।
लखनऊ, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, कानपुर, अलीगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा, गाजियाबाद, वाराणसी और भदोही समेत कई जिलों एवं विकास प्राधिकरणों में तैनात अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। शासन का कहना है कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

बहराइच की जिला समाज कल्याण अधिकारी निलंबित
प्रशासनिक फेरबदल के बीच शासन ने बहराइच की जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पांडेय को भी निलंबित कर दिया है। उन पर समाज कल्याण विभाग की अनुदानित योजना में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
शासन स्तर पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट में लाभार्थियों के चयन और ऋण वितरण प्रक्रिया में कई अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। प्रमुख सचिव समाज कल्याण ने विभागीय जांच के भी निर्देश दिए हैं।

जांच में पाया गया कि योजना के संचालन के दौरान निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया गया और पारदर्शिता में भी कमी रही। शासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।





Also Read: यूपी में हरित क्रांति का शंखनाद, सीएम योगी ने गोरखपुर से किया पौधरोपण महायज्ञ-2026 का आगाज

