भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमले के बाद ऐक्शन में US, 24 घंटे में दूसरी बार बरसाए बम, खाड़ी देशों में तबाही

US Iran conflict: मध्य-पूर्व में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय क्रू वाले कंटेनर जहाज पर हुए हमले के बाद अमेरिका ने ईरान के खिलाफ 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी सैन्य कार्रवाई की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, ईरान की सैन्य क्षमता को कमजोर करने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई ठिकानों पर हवाई हमले किए गए।

सूत्रों के मुताबिक, रविवार को ईरान के करीब 140 सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के बाद सोमवार तड़के एक बार फिर कई शहरों में एयरस्ट्राइक की गई। वहीं ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई तेज कर दी, जिससे पूरे पश्चिम एशिया में तनाव और बढ़ गया है।

सुबह-सुबह 8 शहरों में गूंजे धमाके

रिपोर्टों के अनुसार, सोमवार तड़के ईरान के कम से कम आठ शहरों में विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। खुजिस्तान प्रांत समेत कई इलाकों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबर है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।

अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी गतिविधियों के जवाब में की गई, जहां अंतरराष्ट्रीय जहाजों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।

भारतीय क्रू वाले जहाज पर हमले के बाद बढ़ा तनाव

रविवार को ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) ने होर्मुज से गुजर रहे GFS Galaxy कंटेनर जहाज पर हमला किया था। जहाज में आग लगने की खबर सामने आई। साइप्रस के झंडे वाले इस जहाज पर 11 भारतीय क्रू सदस्य भी मौजूद थे। उनकी स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

अमेरिकी सेना के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में मिसाइल लॉन्च साइट, ड्रोन बेस और हथियारों के कई ठिकानों को निशाना बनाया गया। दूसरी ओर ईरानी मीडिया का दावा है कि हमलों में नौसेना का एक अधिकारी मारा गया है।

खाड़ी देशों में हाई अलर्ट, युद्धविराम पर संकट

अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने खाड़ी क्षेत्र में अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर दीं। बहरीन में सोमवार सुबह सायरन बजाए गए और लोगों को घरों में रहने की सलाह दी गई। कुवैत, कतर, संयुक्त अरब अमीरात और जॉर्डन की सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं।

लगातार हो रहे हमलों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच (US Iran Conflict) संभावित युद्धविराम पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई इसी तरह जारी रही तो पूरे पश्चिम एशिया में संघर्ष और गहरा सकता है।

Also Read: Bangkok पब में भयानक अग्निकांड: धुएं और भगदड़ के बीच 27 की मौत, 63 घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.