कानपुर देहात में सपा के PDA सम्मेलन में दलित जिला पंचायत को मंच से उतारा, गरमाया मामला
Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के PDA सम्मेलन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कठारा से जिला पंचायत सदस्य सोनी पासवान (Soni Paswan) को मंच से नीचे उतरने के लिए कहा जाता दिख रहा है। उनके पति और समर्थकों ने इसे जातीय आधार पर अपमानित करने का आरोप लगाया है।
मामला एक दिन पहले आयोजित PDA सम्मेलन का है। सोनी पासवान अपने पति सोनू पासवान और समर्थकों के साथ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एटा सांसद देवेश शाक्य (Devesh Shakya) को सम्मानित करने मंच पर पहुंची थीं। माला पहनाने की कोशिश के दौरान मंच पर मौजूद सपा के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मुनींद्र शुक्ल (Munindra Shukla) ने उन्हें मंच से उतरने को कहा। इसके बाद सोनू पासवान और उनके समर्थक नाराज होकर कार्यक्रम से चले गए।
पहले भी कुर्सी से उठाने का आरोप
सोनू पासवान ने दावा किया कि यह पहली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि 24 सितंबर को सेमिया गांव में आयोजित PDA चौपाल में भी उनकी पत्नी को प्रदेश सचिव समरथ पाल के बगल वाली कुर्सी से उठने के लिए कहा गया था।
सोनू पासवान का आरोप है कि मुनींद्र शुक्ल बिठूर विधानसभा सीट (Bithoor Assembly Seat) से टिकट की दावेदारी कर रहे हैं, जबकि वह अपनी पत्नी के लिए टिकट मांग रहे हैं। इसी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के चलते उन्हें जातीय आधार पर अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के सामने रखेंगे और इसी वजह से कार्यक्रम का बहिष्कार किया है।
मुनींद्र शुक्ल ने आरोपों को बताया गलत
वहीं, मुनींद्र शुक्ल ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि उन पर लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक द्वेष से प्रेरित हैं। उन्होंने सफाई दी कि मंच छोटा था और जगह की कमी थी, इसलिए सोनी पासवान को नीचे उतरने के लिए कहा गया था। उन्होंने जातीय भेदभाव के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया।
Also Read: फर्रूखाबाद में जमीन के लिए दादा को पोते ने मारी गोली, तमंचा छोड़कर हुआ फरार

