UP में पुलिस का बड़ा एक्शन, 6 जिलों में 7 बदमाश गिरफ्तार, लाखों का माल बरामद
UP Police Crime Action: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। अलग-अलग जिलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें इनामी बदमाश भी शामिल हैं। आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर लाखों रुपये का सामान बरामद किया गया है।
फर्रुखाबाद में थाना शमसाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जैतपुर तिराहे से दो इनामी बदमाशों भूरे उर्फ बाटा और साकिर को गिरफ्तार किया। दोनों शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके पास से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत की चोरी की बैटरी और इन्वर्टर बरामद हुए हैं। भूरे के खिलाफ 10, जबकि साकिर के खिलाफ 33 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों शमसाबाद, नवाबगंज और मेरापुर थानों में वांछित बताए गए थे।
एटा में तीन आरोपी पकड़े गए
एटा (Etah) के थाना अवागढ़ पुलिस ने किला बाईपास रोड से इनामी बदमाश सियाराम को उसके साथी धर्मेंद्र के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर एक होटल से तीसरे आरोपी दिनेश कुमार को भी पकड़ लिया। तीनों आरोपी फिरोजाबाद (Firozabad) के रहने वाले बताए गए हैं।
सहारनपुर (Saharanpur) में थाना फतेहपुर पुलिस ने SBI बैंक के पास से सद्दाम को गिरफ्तार किया। उसके पास से चोरी के 7 हजार रुपये नकद और 6 टावर बैटरियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, सद्दाम पर सहारनपुर और शामली के अलावा हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
कैंटर से मिली 390 पेटी अवैध शराब
मेरठ (Meerut) में थाना कंकरखेड़ा पुलिस ने रोहटा फ्लाईओवर के पास जोगिंदर को गिरफ्तार किया। उसके कैंटर से 390 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। आरोपी पंजाब के फिरोजपुर (Firozpur) का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद सामान और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

