मुरादाबाद में बड़ा रेल हादसा टला, रामगंगा पुल पर दो हिस्सों में बंटी मालगाड़ी
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब दिल्ली-लखनऊ रूट पर दौड़ रही एक मालगाड़ी अचानक दो हिस्सों में बंट गई। बताया जा रहा है कि मालगाड़ी की कपलिंग (कनेक्शन) टूट जाने के कारण यह तकनीकी खराबी हुई, जिससे इंजन सहित कई डिब्बे आगे निकल गए और गार्ड के डिब्बे सहित अन्य वैगन रामगंगा नदी के पुल पर ही खड़े रह गए।
यह मालगाड़ी बिहार से मुरादाबाद की ओर आ रही थी। हादसा होते ही स्थानीय लोग हैरान रह गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और स्टेशन मास्टर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत ट्रैक की जांच की और कपलिंग को जोड़कर गाड़ी को आगे रवाना किया।
30 मिनट तक बाधित रहा ट्रैक
हादसे के कारण दिल्ली-लखनऊ रेलमार्ग पर करीब 30 मिनट तक आवागमन प्रभावित रहा। इस दौरान कई ट्रेनें प्रभावित हुईं और पुल पर खड़े डिब्बों के कारण सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रही। रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और पूरी प्रक्रिया के बाद गाड़ी को मुरादाबाद जंक्शन के लिए रवाना किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामगंगा नदी पर बने पुल से गुजरते समय अचानक ट्रेन के चार से पांच डिब्बे अलग हो गए और बाकी ट्रेन आगे निकल गई। लगभग आधे घंटे तक ये डिब्बे पुल पर ही खड़े रहे। इसके बाद रेलवे टीम द्वारा दोबारा कपलिंग जोड़ने के बाद मालगाड़ी को रवाना किया गया।
रेलवे प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर कपलिंग टूटना हादसे की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पूरी तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट रूप से कारण बताया जा सकेगा।
Also Read: लखनऊ में बनेगी दुनिया की सबसे घातक ब्रह्मोस मिसाइल, राजनाथ सिंह और CM योगी करेंगे यूनिट का शुभारंभ

