PM किसान सम्मान निधि में बड़ा घपला! 4.45 लाख रजिस्ट्रेशन संदिग्ध, पुलिस ने शुरू की जांच
PM Kisan Samman Nidhi Scam: प्रतापगढ़ में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जांच के दौरान करीब 4.45 लाख ऐसे रजिस्ट्रेशन मिले, जिनमें किसानों के दस्तावेज और पते से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। इनमें दूसरे जिलों के लोगों के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं।
मामला सामने आने के बाद कृषि विभाग ने संदिग्ध रिकॉर्ड की जांच शुरू की। जांच में करीब 3.80 लाख रजिस्ट्रेशन डिलीट किए जा चुके हैं, जबकि लगभग 66 हजार रजिस्ट्रेशन का डेटा अभी भी मौजूद है। अब इस पूरे मामले की जांच साइबर क्राइम थाना (Cyber Crime Police) कर रहा है।
न अकाउंट मिला, न आधार कार्ड
जानकारी के मुताबिक, कुंडा तहसील से बड़ी संख्या में PM Kisan Registration कराए गए थे। जांच के दौरान करीब 4 लाख 45 हजार 865 रजिस्ट्रेशन की पड़ताल की गई तो कई मामलों में न तो संबंधित लोगों का यहां बैंक अकाउंट मिला और न ही आधार कार्ड।
ट्रेसिंग के बाद करीब 3 लाख 80 हजार संदिग्ध रजिस्ट्रेशन हटा दिए गए। वहीं, करीब 66 हजार रजिस्ट्रेशन अभी जांच के दायरे में हैं।
उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह के मुताबिक, प्रतापगढ़ में कुल 5.18 लाख किसान हैं। इनमें करीब 3 लाख किसानों के पास Farmer ID है, जबकि 2.18 लाख किसानों के पास यह आईडी नहीं है। ऐसे में पीएम किसान का लाभ लेने वाले पात्र किसानों के रिकॉर्ड को लेकर भी जांच की जा रही है।
साइबर थाने में दर्ज हुआ केस
प्रतापगढ़ के एसपी दीपक भूकर ने बताया कि उप कृषि निदेशक की शिकायत पर PM Kisan Samman Nidhi Yojana में अपात्र लाभार्थियों द्वारा रकम लेने के मामले में साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अब उस ID और लॉगिन सिस्टम की भी जांच कर रही है, जिसके जरिए संदिग्ध रजिस्ट्रेशन किए गए थे। मामले की जांच के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

