ममता बनर्जी का BJP पर हमला, बोलीं- मुझे चुप करना है, तो जान से मारना होगा

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी उनकी पार्टी के नेताओं को लगातार निशाना बना रही है और उन्हें परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह किसी दबाव में चुप नहीं बैठेंगी।

टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने शुक्रवार को ममता बनर्जी का वीडियो संदेश सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। इस वीडियो में ममता ने बीजेपी को सीधे चुनौती दी और कहा कि अगर उन्हें चुप कराना है तो उन्हें मारना होगा।

ममता ने लगाए प्रताड़ना के आरोप

ममता बनर्जी ने वीडियो में दावा किया कि बीजेपी ने उनकी पार्टी को कमजोर करने और तोड़ने के लिए हर संभव कोशिश की है। उन्होंने कहा, अगर मुझे चुप करना है, तो तुम्हें मुझे मारना होगा। तुमने इसके लिए अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी।”

उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के कई बड़े नेताओं को निशाना बनाया गया। ममता ने कहा, “आपने किसे नहीं प्रताड़ित किया? आपने महुआ, अभिषेक और कल्याण पर हमले किए। यहां तक कि मेरे घर पर भी हमला किया।” 

उन्होंने हिरासत में लिए गए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कथित खराब व्यवहार का भी मुद्दा उठाया। ममता ने आरोप लगाया कि कई नेताओं को लॉकअप में फर्श पर सोने के लिए मजबूर किया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार हुआ।

बागी नेताओं को दी चेतावनी

ममता बनर्जी ने पार्टी छोड़ने वाले नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विश्वास से बड़ी कोई चीज नहीं होती, लेकिन कुछ नेता जनता और पार्टी के भरोसे को तोड़ रहे हैं। उन्होंने बागी नेताओं से साफ कहा कि अगर उन्हें बीजेपी में जाना है तो खुलकर जाएं। उन्होंने कहा, “या तो तृणमूल कांग्रेस में रहकर हमारे साथ काम करें या सीधे बीजेपी में शामिल हो जाएं। मझधार में रहकर काम नहीं चलेगा।”

BJP ने पूर्व TMC नेताओं को बनाया उम्मीदवार

यह बयान ऐसे समय आया है जब टीएमसी छोड़ने वाले तीन पूर्व सांसदों सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक को बीजेपी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। पश्चिम बंगाल में 24 जुलाई को राज्यसभा की तीन सीटों के लिए उपचुनाव होगा और उसी दिन मतगणना भी होगी।

Also Read : बंगाल में सियासी हलचल तेज, यूसुफ पठान और शुभेंदु अधिकारी की मुलाकात ने बढ़ाई अटकलें  

Get real time updates directly on you device, subscribe now.