Bareilly News: शादी का झांसा देकर युवती का शोषण करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत थाना बहेड़ी पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ घटित अपराधों पर लगाम लगाने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त जीशान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 14 अगस्त को पीड़िता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी जीशान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69, 61(2) और 351(2) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 632/2026 पंजीकृत किया गया था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहेड़ी थाना पुलिस टीम को दिनांक 16 अगस्त 2026 को दोपहर लगभग 12:15 बजे सूचना मिली, जिसके बाद वन विभाग तिराहा क्षेत्र से आरोपी को घेराबंदी कर धर दबोचा गया। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त के विरुद्ध वैधानिक कागजी कार्रवाई पूरी करते हुए उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पकड़े गए अभियुक्त की पहचान जीशान (उम्र 28 वर्ष) पुत्र शफीक अहमद के रूप में हुई है, जो मोहल्ला शेखूपुर शेरनगर, कस्बा व थाना बहेड़ी, जनपद बरेली का निवासी है। पुलिस कस्टडी में हुई पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपनी गलती पर माफी मांगी। इस वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप-निरीक्षक नीरज कुमार सिंह, हेड कॉन्स्टेबल विकास पंवार और कॉन्स्टेबल अजय सिंह (सभी थाना बहेड़ी, जनपद बरेली) शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

