Kasganj News: खाने में नमक कम होने पर 5 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी को पीटकर छत से फेंका, मौत
Kasganj News: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले से एक बेहद ही दहला देने वाली और अमानवीय घटना सामने आई है। यहां एक पति ने सिर्फ सब्जी में नमक कम होने की बात पर अपनी 5 महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले उसने पत्नी को लात-घूसों से इतना पीटा कि वह दर्द से चीखती रही, और फिर उसे छत से नीचे फेंक दिया। इस क्रूरता के बाद महिला की मौत हो गई।
सास ने पहुंचाया अस्पताल, पर नहीं बची जान
यह खौफनाक मामला ढोलना थाना क्षेत्र के ढक गांव का है। बुधवार (2 जुलाई, 2025) को रामशरण उर्फ रामू ने खाने में नमक कम होने की बात पर अपनी 26 वर्षीय गर्भवती पत्नी ब्रजमाला के साथ विवाद किया। जानकारी के मुताबिक, उसने खाने की थाली फेंकते हुए पत्नी की लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई की। महिला दर्द से तड़पती रही, लेकिन हैवान पति रुका नहीं। इसके बाद वह उसे छत पर ले गया और वहां से नीचे फेंक दिया।
छत से गिरने के बाद ब्रजमाला गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनकी चीख-पुकार सुनकर उनकी सास मौके पर पहुंचीं और आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन, इलाज के दौरान ब्रजमाला ने दम तोड़ दिया।
7 साल पहले हुई थी शादी
पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति रामशरण उर्फ रामू गांव के बाहर एक खाली पड़े मकान में जाकर छिप गया। लेकिन गांव वालों ने उसे ढूंढ निकाला और पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मृतक ब्रजमाला की शादी 7 साल पहले नगला ढक गांव के ही रामशरण उर्फ रामू से हुई थी। दोनों का एक 3 साल का बेटा भी है।
ब्रजमाला के चचेरे भाई ने बताया कि उनकी बहन बहुत सीधी-सादी थी, लेकिन रामशरण अक्सर छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था। उन्होंने कहा कि इस बार भी सब्जी में नमक कम होने पर उसने विवाद किया और बहन की इतनी बेरहमी से पिटाई की, जिसके बाद उसकी मौत हो गई और गर्भ में पल रहे बच्चे की भी जान चली गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Also Read: बिहार में वोटर लिस्ट से बाहर हो सकते हैं 2 करोड़ लोग? चुनाव आयोग ने बदले दस्तावेजों के नियम

