कभी थे इसी कॉलेज के छात्र, अब CEC बनकर लौटे ज्ञानेश कुमार, याद किए पुराने दिन
Gyanesh Kumar: देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। सोमवार को वह अपने पुराने कॉलेज कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज पहुंचे। इसी संस्थान से उन्होंने पढ़ाई की है। वर्षों बाद कॉलेज लौटे ज्ञानेश कुमार यहां अपने पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक भी नजर आए। इस बार उनकी भूमिका छात्र की नहीं, बल्कि शिक्षक की थी।
उन्होंने कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान लोकतंत्र, चुनाव, मताधिकार और जिम्मेदार नागरिक बनने जैसे विषयों पर छात्रों से बात की। उन्होंने कहा कि कॉलेज ने उन्हें सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं दिया, बल्कि अनुशासन, चुनौतियों का सामना करने का साहस और सही विचारों को अपनाने की सीख भी दी।
छात्रों को बताया मतदान का महत्व
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि स्कूल और कॉलेज का समय व्यक्तित्व निर्माण के लिए बेहद अहम होता है। अच्छे शिक्षक और बेहतर माहौल विद्यार्थियों के भविष्य को दिशा देते हैं। उन्होंने छात्रों से शिक्षकों की सीख और कॉलेज के अनुभवों को जीवन में अपनाने की अपील की।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि देश के भविष्य में भागीदारी का माध्यम भी है। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की नींव रखते हैं। संवाद के दौरान छात्रों ने मतदाता बनने की पात्रता, मतदान और निष्पक्ष चुनाव से जुड़े सवाल पूछे, जिनका उन्होंने जवाब दिया।
बोले- यहां की सीख जीवन में काम आई
ज्ञानेश कुमार ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि लखनऊ से उनका गहरा जुड़ाव है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन का यह दौर उनके भविष्य को आकार देने वाला है। कॉलेज ने उन्हें जो सीख दी, वह आगे जीवन में बहुत काम आई।
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में पहली बार मतदाता बनने जा रहे छात्रों के साथ मुख्य निर्वाचन आयुक्त का संवाद अहम माना जा रहा है।

