राम मंदिर और बदरीनाथ विवाद के बीच अब मनसा देवी मंदिर में चोरी! जानिए पूरा मामला

Mansa Devi Temple: उत्तराखंड में मंदिरों के चढ़ावे और दान की पारदर्शिता को लेकर बहस के बीच हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मनसा देवी मंदिर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मंदिर परिसर के भीतर बैठा एक व्यक्ति अपनी कुर्ते की जेब में कुछ रखते हुए दिखाई देता है। इसके बाद सोशल मीडिया पर दान की व्यवस्था को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मंदिर प्रबंधन ने बताया तीन साल पुराना मामला

मंदिर के मुख्य महंत और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो करीब तीन वर्ष पुराना है। उनके अनुसार, इसे सुनियोजित तरीके से दोबारा वायरल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति मंदिर का कर्मचारी है और कुछ लोग मौजूदा घटनाओं से जोड़कर मंदिर और संगठन की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

इसी बीच मंदिर प्रशासन ने दान प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए पुजारियों और कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया है। नए कुर्तों में जेब नहीं रखी गई है ताकि किसी तरह के संदेह की गुंजाइश न रहे।

वीडियो में दिखे कर्मचारी ने दी सफाई

वीडियो में दिखाई दे रहे महेश दुबे ने स्वीकार किया कि वीडियो उन्हीं का है और यह करीब तीन साल पुराना है। उन्होंने कहा कि वह किसी तरह की हेराफेरी नहीं कर रहे थे। उनके मुताबिक, एक श्रद्धालु ने उन्हें 50 रुपये दिए थे, जिन्हें वह अपनी जेब में रख रहे थे।

उनका दावा है कि वीडियो का केवल एक हिस्सा वायरल कर उसे गलत संदर्भ में पेश किया गया है। महेश दुबे ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2006-07 में सुरक्षा कर्मी के रूप में काम शुरू किया था और वर्तमान में मंदिर में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

Also Read : राम मंदिर में चंदा चोरी पर सतीश महाना के बयान पर कांग्रेस ने घेरा, कहा- चोरों को जेल भेजे सरकार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.