नौका में भीषण विस्फोट, एक की मौत, दो घायल
न्यूयॉर्क: अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में हडसन नदी पर खड़ी एक नौका में हुए भीषण विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे ‘हंट्स पॉइंट’ नौका में हुई, जो ‘नॉर्थ रिवर वेस्टवाटर ट्रीटमेंट प्लांट’ के पास मलजल (सीवेज) ढोने का काम कर रही थी।
विस्फोट के दौरान चल रहा था रखरखाव का काम
न्यूयॉर्क अग्निशमन विभाग के उप प्रमुख डेविड सिम्स ने बताया कि विस्फोट तब हुआ जब नौका पर कर्मचारी आग या चिंगारी से जुड़े रखरखाव के काम में लगे थे। घटना के बाद बचाव दल ने नदी से 59 वर्षीय एक कर्मचारी को बेहोश अवस्था में बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक न्यूयॉर्क पर्यावरण संरक्षण विभाग का कर्मचारी था, हालांकि अभी तक उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है।
दो अन्य कर्मचारी भी हुए प्रभावित
इस घटना में एक अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, तीसरे कर्मचारी ने मामूली चोटों के बावजूद इलाज कराने से इनकार कर दिया। अमेरिकी तटरक्षक बल और स्थानीय प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने इस घटना पर संतोष जताते हुए कहा कि फिलहाल इसे कोई आपराधिक घटना मानने का कोई संकेत नहीं मिला है। हालांकि, विस्फोट का सटीक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
Also Read: भारत बना दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जापान को छोड़ा पीछे

