महाराष्ट्र के इम्पीरियल हाइट्स इमारत में लगी भीषण आग, दम घुटने से दो महिलाओं की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: नालासोपारा-वसई लिंक रोड पर स्थित इम्पीरियल हाइट्स नामक बहुमंजिला इमारत में आधी रात के वक्त भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस खौफनाक घटना में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, जिनकी पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के रूप में हुई है। आग की भयावह लपटों और पूरी इमारत में फैले जहरीले धुएं के कारण दोनों महिलाओं का दम घुट गया।

14वीं मंजिल पर फंसे परिवार का रेस्क्यू

हादसे के वक्त इमारत की 14वीं मंजिल पर एक ही परिवार के चार लोग फंस गए थे, जो लगभग 40 से 45 मिनट तक मदद की गुहार लगाते रहे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन (हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म) की मदद से चारों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग की विकराल लपटों और धुएं के गुबार के चलते आसपास के इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था।

तुलिंज अस्पताल की प्रभारी डॉ. कविता जगदा द्वारा दी गई प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, प्राथमिक दृष्टया दोनों महिलाओं की मौत सांस लेने में तकलीफ और धुएं में दम घुटने के कारण हुई मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, फायर ब्रिगेड ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

Also Read: शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे समेत तीन पर 25-25 हजार का इनाम घोषित, नेपाल भागने की आशंका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.