शिवा शर्मा हत्याकांड: श्रद्धा दुबे समेत तीन पर 25-25 हजार का इनाम घोषित, नेपाल भागने की आशंका
Lucknow Shiva Sharma Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कैफे संचालक और कारोबारी शिवा शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी बताई जा रही उसकी लिव-इन पार्टनर और मॉडल श्रद्धा दुबे (Shraddha Dubey), उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
यह मामला बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट परिसर में शिवा शर्मा की हत्या से जुड़ा है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ वारदात के बाद उनके भागने के रास्तों की भी जांच कर रही है।
चौक में मिलने के बाद नेपाल भागने का अंदेशा
पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्या (Sharma Murder Case) के बाद श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि चौक इलाके में अपने एक साथी ड्राइवर और कुछ अन्य लोगों से मिली थीं। इसके बाद दोनों के सीतापुर और बहराइच के रास्ते नेपाल भागने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनके नेपाल पहुंचने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जांच में दुबग्गा निवासी ड्राइवर आमिर और आलमबाग के गढ़ी कनौरा निवासी दानिश की भूमिका भी सामने आई है। दोनों पर आरोपियों को नेपाल पहुंचाने में मदद करने का संदेह है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
हजरतगंज पुलिस की एक टीम ने सोमवार दोपहर आमिर और दानिश के घरों पर दबिश दी, लेकिन दोनों वहां नहीं मिले। पुलिस ने उनके परिवार के सदस्यों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई है।
फिलहाल पुलिस तीनों फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। मामले में उनकी भूमिका, हत्या की वजह और फरार होने से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड (Shiva Sharma Murder Case) से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।
Also Read: लखनऊ: होटल की 10वीं मंजिल से गिरी युवती, मौत के बाद प्रेमी फरार, जांच में जुटी पुलिस

