Muzaffarpur अस्पताल में लगी भीषण आग, 3 मरीजों की मौत, 20 से अधिक झुलसे
Muzaffarpur Hospital Fire: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। ब्रह्मपुरा इलाके में स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में देर रात अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए अस्पताल के ICU तक पहुंच गईं, जिससे वहां भर्ती मरीज सीधे तौर पर प्रभावित हुए। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में 3 मरीजों की मौत हुई है, जबकि मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मरीजों के परिजन और अस्पताल कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ICU से उठते धुएं और आग की लपटों ने कुछ ही मिनटों में हालात बेहद गंभीर बना दिए।
सुबह 3 बजे मिली सूचना, चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 3 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जब राहत टीम अस्पताल पहुंची तो ICU वार्ड घने धुएं से भरा हुआ था और अंदर मौजूद मरीजों को निकालना सबसे बड़ी चुनौती बन गया था।
दमकलकर्मियों और अस्पताल कर्मचारियों ने मिलकर खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर फंसे हुए मरीजों को बाहर निकाला। राहत अभियान के दौरान 20 से अधिक मरीजों को सुरक्षित रेस्क्यू कर शहर के अलग-अलग अस्पतालों में शिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच के आदेश

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आग के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
बताया जा रहा है कि अस्पताल का ICU पांचवीं मंजिल पर स्थित है, जबकि चौथी मंजिल पर वेटिंग हॉल है। इसी वजह से बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की और घायलों को तत्काल बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में भेजा।
फिलहाल प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान में जुटा है। साथ ही अस्पताल को हुए नुकसान और हादसे की पूरी वजह का आकलन किया जा रहा है।
Also Read: Prayagraj: चार हत्याओं की गुत्थी सुलझी, परिवार का दुश्मन निकला अपना ही बेटा

