कोलकाता के होटल में अग्निकांड, 9 की मौत, मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक और बच्चा भी

Kolkata Hotel Fire Accident: कोलकाता में बुधवार तड़के एक होटल अचानक आग की लपटों और धुएं से घिर गया। उस वक्त होटल में ज्यादातर लोग गहरी नींद में थे। कुछ ही देर में हालात इतने बिगड़ गए कि कई लोग अंदर फंस गए। दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन हादसे में 9 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 अन्य घायल हुए हैं। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है।

हादसा कोलकाता के व्यस्त मिर्जा गालिब स्ट्रीट (Mirza Ghalib Street) इलाके में हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, होटल में बुधवार तड़के करीब 2 बजे आग लगी। आग तेजी से फैली और होटल के कई कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया।

20 से ज्यादा का रेस्क्यू

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक, होटल से 20 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर कोलकाता के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

दमकलकर्मियों ने तलाशी और बचाव अभियान चलाया। रिपोर्टों के मुताबिक, नौ लोगों को होटल से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में छह पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल बताया गया है।

मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक, इलाज के लिए आए थे कोलकाता

अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे (Kolkata Hotel Fire Accident) में मारे गये मृतकों की पहचान बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है, जो इलाज के लिए कोलकाता आए थे। रिपोर्टों में यह भी बताया गया है कि होटल में ठहरने वाले लोगों में दूसरे राज्यों से आए लोग भी थे।

घटना के बाद होटल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दमकल विभाग ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल राहत और बचाव अभियान पूरा किया जा चुका है, लेकिन हादसे के कारणों को लेकर जांच जारी है।

आग कैसे लगी? जांच में जुटी पुलिस और फॉरेंसिक टीम

आग लगने की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती स्तर पर कुछ रिपोर्टों में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन अधिकारियों की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके से साक्ष्य जुटाकर आग की वजह और घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हादसे (Kolkata Fire Accident) के बाद होटल की फायर सेफ्टी व्यवस्था भी जांच के दायरे में आ सकती है। जांच में यह देखा जाएगा कि होटल में आग से बचाव के जरूरी इंतजाम, अलार्म और सुरक्षित निकासी के पर्याप्त रास्ते मौजूद थे या नहीं।

Also Read: चुनावी धांधली केस अब आसानी से वापस नहीं होंगे, SC का आदेश- राज्य सरकारों को HC से लेनी होगी मंजूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.