स्कूल वैन पर गिरा भारी-भरकम पेड़, एक मासूम की मौत, कई बच्चे घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई के चेंबूर इलाके से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर को एक स्कूल वैन पर अचानक एक विशालकाय पेड़ गिर गया। इस भीषण हादसे के वक्त वैन में तिलकनगर स्थित यूनिवर्सल स्कूल के करीब 10 मासूम बच्चे सवार थे, जो मलबे के नीचे फंस गए। मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की है कि इस हादसे में एक बच्चे की जान चली गई है, जबकि कई अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

यह हादसा दोपहर करीब 2:50 बजे उस समय हुआ जब स्कूल वैन चेंबूर की रोड नंबर 11 से गुजर रही थी। पेड़ गिरने से वैन पूरी तरह पिचक गई और एक बच्चा काफी देर तक गाड़ी के भीतर ही फंसा रहा, जिसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में थोड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। बचाव कर्मियों ने कटर की मदद से पेड़ की टहनियों को काटकर हटाया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद बीएमसी (BMC) प्रशासन के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। निवासियों का आरोप है कि उन्होंने इलाके के खतरनाक पेड़ों की छंटाई और उन्हें हटाने के लिए नगर निगम को कई बार लिखित शिकायतें भेजी थीं। इससे पहले भी यहाँ ऐसा ही एक हादसा हो चुका था, लेकिन बार-बार आगाह करने के बावजूद बीएमसी ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं, मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई और उसके उपनगरों में अगले कुछ घंटों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।

Also Read: सपा में सियासी हलचल, कमाल अख्तर ने सचेतक पद से दिया इस्तीफा, गुटबाजी फिर चर्चा में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.