हुमायूं कबीर के भड़काऊ बयान पर एक्शन, पार्टी के अध्यक्ष समेत 3 बड़े नेता गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में भड़काऊ बयानबाजी को लेकर राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया है। मुख्यमंत्री के चेतावनी भरे रुख और काशीपुर में आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर के कथित तौर पर समाज को बांटने वाले भाषण के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। रेजिनगर और शक्तिपुर थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने एजेयूपी के तीन शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए चेहरों में आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष गोलाम मुस्तफा, उपाध्यक्ष अमीनुल हक और युवा मोर्चा के अध्यक्ष अनीसुर रहमान शामिल हैं। पुलिस ने इन तीनों नेताओं को हिरासत में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं और फिर उन्हें बहारामपुर जिला अदालत में पेश किया। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि मुख्यमंत्री के बयान के बाद काशीपुर में हुमायूं कबीर द्वारा दिया गया भाषण सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाला और जनता को भड़काने वाला था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में तनाव है, पार्टी समर्थक इसे राजनीतिक द्वेष बता रहे हैं, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाना बेहद जरूरी था।

यह पूरा विवाद तब और बढ़ गया जब सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा में मुख्यमंत्री ने हुमायूं कबीर पर तीखा हमला बोला। सीएम ने नौदा के विधायक पर आरोप लगाया कि वह आगामी उपचुनावों में फायदा उठाने और मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के मकसद से जहरीली बयानबाजी कर रहे हैं।

गौरतलब है कि कबीर द्वारा रेजीनगर विधानसभा सीट खाली करने के बाद अब वहां से उनके बेटे के चुनाव लड़ने की चर्चा है। हालांकि, मुख्यमंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए हुमायूं कबीर ने सफाई दी कि उनकी टिप्पणी सरकार के खिलाफ नहीं थी, बल्कि वह उन लोगों को जवाब दे रहे थे जो चुनाव नतीजों के बाद मुर्शिदाबाद में भाजपा का दामन थामकर उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Also Read: स्कूल वैन पर गिरा भारी-भरकम पेड़, एक मासूम की मौत, कई बच्चे घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.