यमुना एक्सप्रेसवे पर पुलिस की पिस्टल छीनकर भागा आरोपी, जवाबी फायरिंग में लगी गोली
Mathura News: मथुरा के नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात दिल्ली पुलिस की हिरासत में ले जाए जा रहे एक बदमाश ने भागने की कोशिश की। आरोपी ने हेड कांस्टेबल की सर्विस पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर गोली चला दी। फायरिंग में एक दरोगा घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे दोबारा गिरफ्तार कर लिया गया।
दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ नॉर्थ वेस्ट की टीम आरोपी वसीम अकरम उर्फ लंबो, पुत्र मो. इजहार, निवासी जहांगीरपुरी दिल्ली को पश्चिम बंगाल से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ला रही थी। रात करीब 12:15 बजे नौहझील थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 63/64 के पास उसने टॉयलेट जाने की बात कही।
पिस्टल छीनकर पुलिस पर चलाई गोली
पुलिसकर्मी उसे वाहन से उतारकर टॉयलेट कराने ले जा रहे थे। इसी दौरान वसीम ने हेड कांस्टेबल हरीश की सर्विस पिस्टल छीन ली और फायर कर दिया। गोली लगने से सब इंस्पेक्टर अजय कुमार घायल हो गए। आरोपी वहां से भागने लगा तो पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की। पैर में गोली लगने के बाद वह घायल होकर पकड़ा गया।
दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया
घायल दरोगा अजय कुमार और आरोपी वसीम को नौहझील सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
मांट के सीओ अमरनाथ यादव ने बताया कि आरोपी ने टॉयलेट के बहाने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनी और फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे फिर गिरफ्तार कर लिया गया।

