राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी खबर, अब मेरठ में हार्ट, किडनी और कैंसर का होगा मुफ्त इलाज

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ स्थित एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में गंभीर और असाध्य बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए राहत भरी पहल की गई है। असाध्य रोगी कल्याण निधि के तहत अब राशन कार्ड धारकों को हार्ट, किडनी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का इलाज सरकारी खर्च पर निशुल्क कराया जा रहा है।

अब सभी राशन कार्ड धारकों को मिलेगा लाभ

योजना की नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा वर्मा ने बताया कि पहले इस सुविधा का लाभ केवल बीपीएल राशन कार्ड धारकों को मिलता था। अब सभी राशन कार्ड धारक, यदि वे हार्ट, किडनी या कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं, आवेदन कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

पिछले एक वर्ष में मेडिकल कॉलेज ने इस योजना के तहत 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से कई मरीजों का इलाज कराया है। इस दौरान 60 से अधिक हृदय रोगियों, 50 से अधिक किडनी मरीजों और 25 से ज्यादा कैंसर मरीजों का सफल उपचार किया गया।

गरीब मरीजों के लिए बनी जीवनदान योजना

51 वर्षीय सुरेंद्र कुमार की हृदय की धमनियां ब्लॉक हो गई थीं और स्टेंट डालना जरूरी था। आर्थिक तंगी के कारण परिवार इलाज नहीं करा पा रहा था। मेडिकल कॉलेज ने योजना के तहत उनका लाखों रुपये का इलाज निशुल्क कराया।

इसी तरह 54 वर्षीय सलीम अंसारी को कैंसर के इलाज के लिए 18-18 हजार रुपये कीमत के कई इंजेक्शन की जरूरत थी। योजना के माध्यम से उन्हें सभी जरूरी इंजेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराए गए।

ऐसे मिलेगा योजना का लाभ

इस योजना का लाभ लेने के लिए मरीज के पास राशन कार्ड होना जरूरी है। साथ ही वह हार्ट, किडनी या कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में आवेदन और पात्रता जांच के बाद इलाज की मंजूरी दी जाती है। पूरा खर्च सरकार वहन करती है।

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरसी गुप्ता ने बताया कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद आवेदन बढ़े हैं और भविष्य में योजना का बजट बढ़ने की भी संभावना है।

Also Read : अयोध्या में दो नगर पंचायतों का बदला जाएगा नाम, CM योगी ने की घोषणा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.