UP News: डी.एल.एड. परीक्षा में नकल कराने वाला गिरोह का सदस्य चंदौली से गिरफ्तार, STF ने की कार्रवाई

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने नकल माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डी.एल.एड. (D.El.Ed.) सेमेस्टर की परीक्षाओं में नकल कराने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने इस गिरोह के एक सक्रिय सदस्य अभिषेक यादव को चंदौली से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

गिरफ्तारी का विवरण

एसटीएफ फील्ड इकाई वाराणसी को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि आदित्य नरायन राजकीय इण्टर कॉलेज, चकिया, चंदौली में चल रही डी.एल.एड. सेमेस्टर-3 की परीक्षा में अभिषेक यादव नामक व्यक्ति नकल कराने में सक्रिय है।

  • गिरफ्तार अभियुक्त: अभिषेक यादव पुत्र नन्दलाल यादव (निवासी दिवाकरपुर पौरा, सकलडीहा, चंदौली)।
  • गिरफ्तारी स्थल: आदित्य नरायन राजकीय इण्टर कॉलेज, चकिया, चंदौली।
  • बरामदगी: 01 अदद मोबाइल फोन और परीक्षा से संबंधित 01 प्रश्नपत्र।

नकल कराने का तरीका

एसटीएफ की पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार अभियुक्त अभिषेक यादव स्वयं भी डी.एल.एड. का छात्र है। वह अरुण नामक एक व्यक्ति के संपर्क में था। अरुण परीक्षा शुरू होने से लगभग आधा घंटा पहले ही व्हाट्सएप के माध्यम से प्रश्नपत्र अभिषेक को भेज देता था।

अभिषेक यादव ने 22 परीक्षार्थियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ था। वह प्रति परीक्षार्थी ₹2000 लेता था, जिसमें से ₹10,000 अरुण को भेजता था और शेष राशि अपने पास रखता था। इस प्रकार वह बड़े पैमाने पर नकल करा रहा था।

एसटीएफ की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में निरीक्षक अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में यह सफल कार्रवाई की। अभियुक्त के खिलाफ थाना चकिया, जनपद चंदौली में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है, और आगे की विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस द्वारा की जाएगी।

Also Read: पुत्र की मौत का सदमा: तेरहवीं के दिन पिता ने भी त्यागा शरीर; जौनपुर में गमगीन हुआ माहौल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.