गाजीपुर में मंत्री ए.के. शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर किया योगाभ्यास, कहा- योग को बनाएं जीवन का हिस्सा
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को गाजीपुर में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ऐतिहासिक शाही किला परिसर में आयोजित इस योग उत्सव में मंत्री शर्मा ने हजारों लोगों के साथ मिलकर योगाभ्यास किया और योग को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाने की अपील की।
इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम रही ‘One Earth, One Health – एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’, जिस पर आधारित यह आयोजन प्रातः 6 बजे दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ। मंत्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस पर प्रसारित प्रेरणास्पद संदेश को सभी के साथ सुना और फिर योग अभ्यास कर लोगों को प्रेरित किया।

अपने संबोधन में शर्मा ने कहा योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह न केवल शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि योग मनुष्य को दीर्घायु और तनावमुक्त जीवन जीने की कला सिखाता है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे योग को अपनी दैनिक जीवनशैली में शामिल करें, और दूसरों को भी इसके लिए प्रोत्साहित करें।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों की सराहना
मंत्री ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से ही आज योग को वैश्विक पहचान मिली है। 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया गया था, जो आज दुनिया भर में मनाया जा रहा है।
गाजीपुर कार्यक्रम के बाद जब मंत्री ए.के. शर्मा जौनपुर की ओर रवाना हुए, तो रास्ते में बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा, भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उनका गुलदस्तों व माला पहनाकर स्वागत किया। शर्मा ने सबका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का यह स्नेह और सहयोग उन्हें जनसेवा के लिए लगातार प्रेरित करता है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा का यह संदेश स्पष्ट था योग को केवल एक दिन नहीं, हर दिन का हिस्सा बनाएं। योग केवल शरीर को नहीं, समाज और राष्ट्र को भी सशक्त बनाता है।

