अयोध्या राम मंदिर का दर्शन करना चाहती हैं मिस वर्ल्ड 2025 ओपाल सुचाता चुआंगसरी
Sandesh Wahak Digital Desk: मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीत चुकी थाईलैंड की ओपाल सुचाता चुआंगसरी ने भारत के मंदिरों के प्रति अपने गहरे लगाव को जाहिर किया है। उन्होंने बताया कि वह भारत में कई प्रसिद्ध मंदिरों के दर्शन करना चाहती हैं, जिनमें अयोध्या का श्रीराम मंदिर भी शामिल है।
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान ओपाल ने भारत और थाईलैंड के बीच सांस्कृतिक रिश्तों पर भी बात की। उन्होंने कहा, मैं भारत के कई मंदिरों में जाना चाहती हूं। मुझे यहां की संस्कृति बहुत आकर्षक लगती है। जैसा कि मैंने कहा, भारत और थाईलैंड के बीच बहुत सी सांस्कृतिक और पारंपरिक समानताएं हैं। उन जगहों को जानना और देखना मेरे लिए बहुत खास होगा।
भारत और थाईलैंड का रिश्ता सदियों पुराना है। थाईलैंड में ‘रामायण’ को ‘रामाकिएन’ के नाम से जाना जाता है, जो वहां की साहित्य, कला और राजपरंपराओं में गहराई से समाई हुई है। इस संस्करण में भगवान हनुमान को और भी महत्वपूर्ण और चंचल रूप में दर्शाया गया है।
तेलंगाना की महिलाओं के लिए ओपाल का खास संदेश
मिस वर्ल्ड 2025 का ग्रैंड फिनाले हैदराबाद, तेलंगाना में हुआ था। इसी दौरान ओपाल ने वहां की महिलाओं के लिए भी एक प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा, तेलंगाना की सभी महिलाओं से मिलना मेरे लिए एक प्रेरणा रहा। आप सभी की आंतरिक सुंदरता, ताकत और संघर्ष की भावना ने मुझे बहुत प्रभावित किया है। मुझे यहां जो अपनापन और समर्थन मिला, वह मैं कभी नहीं भूल सकती। मैं मानती हूं कि भारतीय महिलाएं बेहद मजबूत हैं और अपने जीवन में जो चाहें, वह हासिल कर सकती हैं।
सफेद गाउन में बिखेरा जलवा
ग्रैंड फिनाले के दौरान ओपाल ने सफेद रंग का खूबसूरत गाउन पहना था, जिसमें ओपल जैसे फूलों की कढ़ाई थी। इस खास मौके पर उन्होंने इथियोपिया की हसेट डेरेजे अदमासु को हराकर ताज अपने नाम किया। हसेट रनर-अप रहीं।
Also Read: हाउसफुल 5 का नया धमाकेदार गाना ‘The Phoogdi Dance’ रिलीज, नाना पाटेकर की मस्ती ने बांधा समा

