Moradabad News: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, पेट से मिले 20 गोल्ड कैप्सूल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सोने की तस्करी, अपहरण और पुलिस मुठभेड़ की घटनाएं एक ही रात में सामने आईं। शुक्रवार रात यह पूरी घटना मुंडापांडे थाना क्षेत्र में घटी, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को सकते में डाल दिया।
जानकारी के मुताबिक, रामपुर टांडा के रहने वाले छह लोग सऊदी अरब और दुबई से लौटकर मुंबई और दिल्ली होते हुए अपनी एर्टिगा कार से रामपुर जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी मुरादाबाद के पुराने टोल प्लाजा के पास पहुंची, तभी सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें घेरकर कार रोक ली और तमंचे की नोक पर सभी को अगवा कर लिया।
सूत्रों के अनुसार, बदमाशों को मुखबिरी के ज़रिए यह सूचना मिली थी कि कार में सवार लोग पेट में सोना छिपाकर तस्करी कर रहे हैं। अपहरण के बाद सभी को एक फार्महाउस ले जाया गया, जहां उनसे जबरन सोने के कैप्सूल निकालने की तैयारी की जा रही थी।
पीड़ितों की चीख-पुकार सुनकर फार्महाउस के आसपास के ग्रामीण सतर्क हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंचकर फार्महाउस की घेराबंदी की। बदमाशों से मुठभेड़ के दौरान दो अपराधियों के पैर में गोली लगी, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पेट से निकले सोने के कैप्सूल
पुलिस ने जब अपहरण पीड़ितों से पूछताछ की और बॉडी स्कैनिंग करवाई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। छह में से चार लोगों के पेट से कुल 20 सोने के कैप्सूल बरामद हुए, जिनमें से हर एक का वजन लगभग 30 ग्राम बताया जा रहा है।
इन लोगों की हुई पहचान, केस दर्ज
पुलिस ने मोहम्मद नावेद, शाने आलम, मुतवल्ली, जाहिद और जुल्फिकार के रूप में आरोपियों की पहचान की है। सभी के खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी सिटी का कहना है कि जब तक सभी कैप्सूल की पुष्टि नहीं हो जाती, तब तक बरामद सोने के कुल वजन का अंदाजा लगाना मुश्किल है। फिलहाल मेडिकल जांच और पूछताछ जारी है।
Also Read: बाराबंकी में बीज दुकानदार की हत्या पर बवाल, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

