यूपी में जल्द निकलेगी 50 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती, जल्द जारी होने वाला है नोटिफिकेशन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। प्रदेश सरकार जल्द ही 50 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इस संबंध में आवश्यक तैयारियाँ तेज़ी से की जा रही हैं और आगामी दो महीने में भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने की उम्मीद है।

प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक के लिए होगी नियुक्ति

मिली जानकारी के मुताबिक, ये भर्तियाँ प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभागों में की जाएंगी। इन पदों को भरने के लिए कार्मिक विभाग भर्ती का ड्राफ्ट तैयार कर रहा है। ड्राफ्ट तैयार होते ही इसे उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा जाएगा, जो आगे की भर्ती प्रक्रिया को अंजाम देगा।

लंबे समय से अटकी थी भर्ती प्रक्रिया

शिक्षक भर्ती को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। वजह थी विभिन्न विभागों की ओर से खाली पदों का पूरा ब्यौरा आयोग को समय पर न भेज पाना। हालांकि, अब यह अड़चन लगभग दूर हो गई है। कार्मिक विभाग अधियाचन (रिक्तियों की सूची) का प्रारूप तैयार कर रहा है, जिसके पूरा होने में लगभग एक महीना लग सकता है। प्रारूप तैयार होते ही यह संबंधित विभागों और चयन आयोग को सौंपा जाएगा।

टीजीटी-पीजीटी परीक्षाएं भी हैं चर्चा में

आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, यदि विभागों की ओर से रिक्त पदों का अधियाचन समय पर भेजा गया होता, तो अब तक प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में 30,000 से अधिक सहायक अध्यापक, माध्यमिक स्कूलों में 20,000 से अधिक टीजीटी और पीजीटी, और अशासकीय महाविद्यालयों में 1,500 से अधिक शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी होती।

टीजीटी और पीजीटी भर्ती परीक्षा की तिथि को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। पीजीटी परीक्षा अगस्त के अंतिम सप्ताह में संभावित है, जबकि टीजीटी परीक्षा जो 21-22 जुलाई को प्रस्तावित थी, उसके टलने की संभावना भी जताई जा रही है। ये परीक्षाएं अब तक कई बार स्थगित हो चुकी हैं टीजीटी दो बार और पीजीटी तीन बार लेकिन अब माना जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द पटरी पर लौटेगी।

Also Read: Lucknow: सपा ने तीन विधायक पार्टी से किया बाहर, क्रॉस वोटिंग बना वजह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.