भरत तिवारी एनकाउंटर पर बयानबाजी करने वाला मोतिहारी का सिपाही सस्पेंड

Sandesh Wahak Digital Desk: भोजपुर में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में विवादित बयानबाजी करने वाले बिहार पुलिस के एक जवान पर गाज गिरी है। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) पुलिस लाइंस में तैनात कॉन्स्टेबल आशीष कुमार तिवारी को तुरंत प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है। आशीष पर आरोप है कि उसने पुलिस आचरण नियमावली का उल्लंघन करते हुए सोशल मीडिया और मीडिया चैनलों के सामने इस संवेदनशील मामले पर सार्वजनिक टिप्पणियां की थीं, जिसका वीडियो खूब वायरल हुआ था।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बताया कि वायरल वीडियो संज्ञान में आने के बाद संबंधित डीएसपी से इस मामले की जांच कराई गई थी। जांच के दौरान सिपाही आशीष तिवारी को अपना पक्ष रखने का मौका भी दिया गया, लेकिन उसका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं था। इसके बाद एसपी ने जांच रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए सिपाही को सस्पेंड करने का लिखित आदेश जारी कर दिया। बता दें कि जिस भरत भूषण तिवारी के एनकाउंटर को लेकर सिपाही ने खुद को उसका भाई बताते हुए बयानबाजी की थी, उस मामले की फिलहाल न्यायिक जांच चल रही है।

खतरनाक रहा है सिपाही का पुराना ट्रैक रिकॉर्ड

विभागीय कार्रवाई के दौरान जब सिपाही आशीष कुमार तिवारी के सेवा इतिहास को खंगाला गया, तो अनुशासनहीनता और हिंसक व्यवहार के कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। जांच में पता चला कि जनवरी 2023 में हरपुर थाने में तैनाती के दौरान उसने नाइट पेट्रोलिंग के समय अपने ही साथी पुलिस अफसर को चाकू दिखाकर डराया था। इसके बाद अगस्त 2024 में पिपराकोठी थाने में पोस्टिंग के दौरान भी उसने सहकर्मियों के साथ बदतमीजी की थी और अपनी सर्विस रिवॉल्वर उन पर तान दी थी। इन पुराने मामलों को भी निलंबन का आधार बनाया गया है।

Also Read: होर्मुज में मालवाहक जहाज पर ड्रोन हमले के बाद यूएस का ईरान पर बड़ा हवाई हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.