UP कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, अविनाश पांडे हटाए गए, दलित चेहरे राजेंद्र पाल गौतम बने नए प्रभारी
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी आलाकमान ने शुक्रवार शाम को यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को उनके पद से हटाकर उनकी जगह राजेंद्र पाल गौतम को नया प्रभारी नियुक्त किया है। गौतम वर्तमान में कांग्रेस की अनुसूचित जाति (एससी) विंग के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।
दलित-ओबीसी समीकरण साधने की रणनीति
यह फेरबदल महज एक नियुक्ति नहीं, बल्कि 2027 के चुनावी समर के लिए कांग्रेस की नई रणनीति का संकेत है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, अब तक प्रदेश अध्यक्ष (अजय राय) और प्रभारी (अविनाश पांडेय) दोनों ही उच्च जाति (भूमिहार और ब्राह्मण) से आते थे। राहुल गांधी द्वारा लगातार उठाए जा रहे जातिगत जनगणना और जनसंख्या के अनुपात में हिस्सेदारी के मुद्दे को देखते हुए, पार्टी इसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील यूपी में बदलना चाहती थी।
राजेंद्र पाल गौतम एक दलित चेहरे के रूप में इस समीकरण को साधने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। पार्टी को उम्मीद है कि इससे दलितों और पिछड़ों के बीच कांग्रेस की पैठ बढ़ेगी। गौतम पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में रहे और कांशीराम के करीबी रहे हैं, बाद में वे आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए और केजरीवाल सरकार में मंत्री बने। सितंबर 2024 में उन्होंने आप छोड़कर कांग्रेस ज्वॉइन कर ली थी।
अजय राय पर भी मंडरा रहा संकट
सूत्रों का दावा है कि संगठनात्मक बदलाव यहीं नहीं रुकेगा। जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को भी उनके पद से हटाया जा सकता है। अजय राय का कार्यकाल अगस्त 2026 में पूरा हो रहा है। वे भूमिहार समाज से आते हैं, जिसकी यूपी में आबादी सीमित है और यह वोट बैंक मुख्य रूप से भाजपा के पक्ष में माना जाता है।
पार्टी 2027 के चुनाव को देखते हुए किसी ओबीसी या मुस्लिम चेहरे को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की तैयारी में है। पिछले दिनों यूपी के कांग्रेस सांसदों ने दिल्ली में आलाकमान से मुलाकात की थी, जिसमें इमरान मसूद (सहारनपुर सांसद-मुस्लिम) और राकेश राठौर (सीतापुर सांसद-ओबीसी) में से किसी एक को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग रखी गई। कांग्रेस ने यूपी के अलावा हरियाणा और ओडिशा के प्रभारियों में भी बदलाव किया है। हरियाणा के प्रभारी बीके हरिप्रसाद की जगह संजय दत्त को और ओडिशा के प्रभारी अजय कुमार लल्लू की जगह लालजी देसाई को नियुक्त किया गया है।
Also Read: भरत तिवारी एनकाउंटर पर बयानबाजी करने वाला मोतिहारी का सिपाही सस्पेंड

