ऊर्जा समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद जगदंबिका पाल, देश में पवन ऊर्जा की क्षमता और भविष्य पर हुआ मंथन
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद के तहत आने वाले डुमरियागंज लोकसभा क्षेत्र के वरिष्ठ सांसद जगदंबिका पाल ने नई दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया। मंगलवार को संसद भवन एनेक्सी के समिति कक्ष-1 में ऊर्जा संबंधी संसदीय स्थायी समिति की यह विशेष बैठक संपन्न हुई। इस दौरान देश में पवन ऊर्जा क्षेत्र के विकास, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और भविष्य के रोडमैप को लेकर गहन चर्चा की गई।
बैठक में नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय और राष्ट्रीय पवन ऊर्जा संस्थान के शीर्ष अधिकारियों ने शिरकत की। अधिकारियों द्वारा देश में पवन ऊर्जा क्षेत्र का मूल्यांकन विषय पर एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया। इस प्रस्तुतीकरण के जरिए भारत में पवन ऊर्जा की मौजूदा स्थिति, तकनीकी नवाचार, निवेश की संभावनाएं, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, नीतिगत सुधार और इस क्षेत्र के सामने आ रही चुनौतियों पर बारीकी से रोशनी डाली गई। संसदीय समिति के सदस्यों ने भी क्षेत्र के विकास के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।

ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा भारत
बैठक के बाद अपने विचार साझा करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ व हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के राष्ट्रीय संकल्प में पवन ऊर्जा की भूमिका बेहद निर्णायक है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल, प्रभावी नीतियां और लगातार हो रहे नवाचार देश के सतत और समावेशी विकास को एक नई रफ्तार देंगे।
सांसद पाल ने भरोसा जताया कि इस संसदीय समिति की चर्चा और विशेषज्ञों द्वारा दिए गए सुझाव देश में पवन ऊर्जा क्षेत्र को और ज्यादा मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देना विकसित भारत के सपने को सच करने की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: IAS रिंकू सिंह राही का तबादला, फिर भी FIR पर अड़े BJP ब्लॉक प्रमुख

