MS Dhoni 44th Birthday: पद्मश्री से लेकर हॉल ऑफ फेम तक, माही को मिल चुके हैं ये 8 बड़े सम्मान
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 44वां जन्मदिन मना रहे हैं।
7 जुलाई 1981 को बिहार (अब झारखंड) के रांची में जन्मे धोनी ने न सिर्फ भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, बल्कि अपनी कप्तानी और शांत स्वभाव से करोड़ों लोगों के दिलों पर राज किया।
धोनी का बचपन रांची में बीता और उन्होंने DAV जवाहर विद्या मंदिर से पढ़ाई की। शुरुआत में फुटबॉल के गोलकीपर रहे माही को उनके कोच ने क्रिकेट खेलने की सलाह दी, और यहीं से शुरू हुई एक नई क्रिकेटिंग गाथा।
2001 से 2003 तक उन्होंने भारतीय रेलवे में TTE (Travelling Ticket Examiner) के रूप में काम किया, लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था।

धोनी ने 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा और अपने लंबे बालों और आक्रामक खेल शैली से फैंस के दिलों में खास जगह बनाई।
उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 में पहला T20 वर्ल्ड कप, 2011 में 28 साल बाद ODI वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता। वह इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने ICC के तीनों मुख्य खिताब भारत को दिलाए।
एमएस धोनी को मिल चुके हैं ये 8 बड़े अवार्ड्स
-
मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार (2008)
-
पद्मश्री (2009)
-
ICC पीपल्स चॉइस अवार्ड (2013)
-
पद्म भूषण (2018)
-
ICC मेन्स ODI टीम ऑफ द डिकेड (कप्तान और विकेटकीपर) – 2011-2020
-
ICC मेन्स T20 टीम ऑफ द डिकेड (कप्तान और विकेटकीपर) – 2011-2020
-
ICC स्पिरिट ऑफ द क्रिकेट अवार्ड ऑफ द डिकेड – 2011-2020
-
ICC क्रिकेट हॉल ऑफ फेम – (सम्मानित होने वाले गिने-चुने भारतीय खिलाड़ियों में शामिल)
कप्तानी रिकॉर्ड
धोनी ने भारत के लिए 332 अंतरराष्ट्रीय मैचों में कप्तानी की है – जिसमें 60 टेस्ट, 200 वनडे और 72 T20 शामिल हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने 179 मैच जीते और 120 में हार झेली। उनकी रणनीतिक समझ, बेमिसाल संयम और ‘कूल’ स्वभाव के कारण उन्हें “कैप्टन कूल” कहा जाता है।
वर्तमान में क्या कर रहे हैं धोनी?
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके धोनी अभी भी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की तरफ से खेलते हैं। IPL 2025 में उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद एक बार फिर कप्तानी संभाली थी।
44 साल की उम्र में भी धोनी की फिटनेस, अनुभव और मैदान पर मौजूदगी नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उनके जन्मदिन पर दुनियाभर से फैंस उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।

