कोलंबो में भारत-PAK ट्रैक-2 वार्ता की खबर झूठी, राम माधव बोले- इसमें नहीं है सच्चाई
Ram Madhav Track 2 Talks: भारत और पाकिस्तान के बीच कथित ट्रैक-2 वार्ता को लेकर सामने आई खबरों पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष राम माधव ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा है कि ऐसी किसी भी तरह की भारत–पाक वार्ता नहीं हुई है। उन्होंने साफ किया कि यह रिपोर्ट पूरी तरह गलत और भ्रामक है।
श्रीलंका में आयोजित था क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन
राम माधव ने बताया कि वह श्रीलंका में एक क्षेत्रीय सुरक्षा सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे, जिसे ‘इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर स्ट्रैटिजिक स्टडीज (IISS)’ द्वारा आयोजित किया गया था। इसमें भारत, श्रीलंका, अमेरिका, ब्रिटेन, अफगानिस्तान और पाकिस्तान सहित कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि इतने देशों की भागीदारी वाले कार्यक्रम को भारत–पाकिस्तान की ट्रैक-2 वार्ता बताना गलत है।
राम माधव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वह इस कार्यक्रम में केवल एक सत्र में शामिल हुए थे और अपना संबोधन देने के बाद वापस लौट आए थे। उन्होंने कहा कि दो दिन चलने वाले इस आयोजन में उनकी सीमित भागीदारी थी और इसे भारत–पाक वार्ता के रूप में पेश करना पूरी तरह गलत है।
ट्रैक-2 वार्ता के दावे और पाकिस्तान से जुड़ी चर्चाएं
हाल ही में कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि भारत और पाकिस्तान के बीच पर्दे के पीछे ट्रैक-2 वार्ता हुई, जिसमें दोनों देशों के पूर्व सैन्य अधिकारी और राजनेता शामिल हुए। इन बैठकों में आतंकवाद, सीमा विवाद और पानी जैसे मुद्दों पर चर्चा होने का भी दावा किया गया था। लेकिन राम माधव के बयान के बाद इन रिपोर्ट्स पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आतंकवाद और बातचीत साथ नहीं चल सकती
भारत सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि पाकिस्तान के साथ बातचीत तभी संभव है जब आतंकवाद पर ठोस कदम उठाए जाएं। फिलहाल दोनों देशों के बीच औपचारिक वार्ता बंद है, हालांकि डीजीएमओ स्तर पर हॉटलाइन संपर्क जारी है।

