उन्नाव में मकान बंटवारे के खूनी खेल में सगे भाई का कत्ल, तीन भाइयों और पिता पर हत्या का आरोप
Unnao News: उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने बुधवार सुबह खूनी रूप ले लिया। गंजमुरादाबाद कस्बे के मोचियाना मोहल्ले में 35 वर्षीय दिलशाद उर्फ पप्पू की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पत्नी सूफिया बानो ने अपने तीन देवर, ससुर और बहनोई पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि भाइयों के बीच मारपीट का मामला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दो साल से मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा था विवाद
दिलशाद लोडर चलाकर अपने परिवार का खर्च चलाता था। उसका पिता और भाइयों के साथ मकान के बंटवारे को लेकर दो साल से ज्यादा समय से विवाद चल रहा था। यह विवाद कई बार पुलिस तक पहुंच चुका था। परिवार के लोगों और आसपास के लोगों ने समझौता कराने की कोशिश भी की, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।
बुधवार सुबह करीब 9 बजे घर के अंदर ही दिलशाद का अपने भाइयों और पिता से विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीन भाइयों और पिता ने मिलकर चाकू, कुल्हाड़ी समेत अन्य हथियारों से दिलशाद पर हमला कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल दिलशाद खून से लथपथ हालत में घर से बाहर भागा। लेकिन करीब 50 मीटर दूर पहुंचते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। ज्यादा खून बहने और गंभीर चोटों के कारण कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर भाग निकले।
पत्नी ने लगाए हत्या के आरोप, बुलडोजर कार्रवाई की मांग
मृतक की पत्नी सूफिया बानो ने आरोप लगाया कि उसके तीन देवरों ने दिलशाद को पकड़ लिया और चाकू, कुल्हाड़ी समेत अन्य हथियारों से हमला किया। पति की मौत के बाद सूफिया बानो अपने डेढ़ साल के बेटे साद उर्फ बादल को लेकर बदहवास रही। वह आरोपियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी करती रही।
दिलशाद पांच भाइयों में तीसरे नंबर का था। उसके बड़े भाई बबलू की पहले ही मौत हो चुकी है। मंझले भाई शहजाद, चौथे भाई एजाज और पांचवें भाई इरशाद समेत परिवार के अन्य लोगों से उसका विवाद चल रहा था। हत्या के मामले में इन्हीं तीन भाइयों और पिता पर आरोप लगाए गए हैं। पत्नी की तहरीर में बहनोई का नाम भी शामिल है।
घटना से एक दिन पहले भी पुलिस से शिकायत का दावा
बताया जा रहा है कि घटना से एक दिन पहले दिलशाद की पत्नी सूफिया बानो और परिवार के अन्य लोगों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद पत्नी ने पुलिस से शिकायत भी की थी। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
घटना के बाद बुधवार को शव लेकर अस्पताल पहुंचे दिलशाद के करीबियों और पुलिस के बीच भी नोकझोंक हुई। करीबियों ने पुलिस पर आरोप लगाया कि अगर पहले हुए विवाद को गंभीरता से लिया जाता और मामले को सुलझाने की कोशिश होती तो शायद इतनी बड़ी घटना नहीं होती। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: प्रयागराज में 15 हजार के लिए दोस्तों ने 17 साल के छात्र की हत्या, नाले में फेंका शव, कटा मिला अंगूठा

