‘वो मेरी बीवी से मिलता था’, बरेली में शक के साए में कत्ल, आरोपी मुठभेड़ में दबोचा गया
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में शनिवार को हुए एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते एक ई-रिक्शा चालक ने गुस्से में आकर युवक की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है, जिसके पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस और हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद किया है।
क्या है पूरा मामला?
31 मई को वादी ज़हीर अहमद उर्फ बच्चू ने थाना बारादरी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 2:30 बजे उसके बेटे अरशद उर्फ गुड्डू पर मोहल्ला कांकरटोला में चाकू से हमला हुआ। हमला इतना गंभीर था कि अरशद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के पीछे आमिर नामक व्यक्ति का हाथ था, जो कांकरटोला में ही रहता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर तुरंत जांच शुरू की। देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी आमिर पीलीभीत बाईपास के पास खाली मैदान में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की, तो खुद को घिरता देख आमिर ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से उसके पैर में चोट लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आमिर ने बताया कि वह पत्नी के व्यवहार से बेहद परेशान था। अरशद नाम का युवक उसकी पत्नी से बातचीत करता था और कई बार उसके घर आता-जाता था, जिससे मोहल्ले में उसकी बदनामी हो रही थी। आमिर ने बताया कि उसने कई बार अरशद को चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना। गुस्से में आकर उसने तय कर लिया था कि जब भी मौका मिलेगा, अरशद की हत्या कर देगा।
हत्याकांड के दिन जब आमिर दोपहर बाद अपने घर लौटा तो उसने अरशद को अपने घर से निकलते देखा। तभी उसने मौके पर ही उसे पकड़ लिया और ताबड़तोड़ चाकू से गले, छाती और पीठ पर वार कर दिए।
क्या मिला आरोपी के पास?
पुलिस ने आरोपी आमिर के पास से एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और वही चाकू बरामद किया है, जिससे हत्या की गई थी। घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल भेजा गया है। उसके खिलाफ थाना बारादरी में हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आमिर (45) मूल रूप से शाहबाद, जिला रामपुर का निवासी है और फिलहाल बरेली के कांकरटोला इलाके में खेराती मस्जिद के पास किराए पर रह रहा था। पहले ट्रक आदि चलाता था, लेकिन अब खुद का ई-रिक्शा चलाता है। उसके 6 बेटे हैं।
Also Read: हेट स्पीच केस में गई अब्बास अंसारी की विधायकी, दो साल की सजा और लगा जुर्माना

