Muzaffarnagar News: निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी कर भागा विदेश, भारत आते ही पुलिस ने दबोचा
Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करोड़ों की ठगी करने वाले 25 हजार के इनामी आरोपी हाजी इकराम को सऊदी अरब से लौटते ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर कई गंभीर आरोप दर्ज थे।
फर्जी कंपनी बनाकर करोड़ों की ठगी
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी हाजी इकराम ने ‘स्टेप फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ नाम से फर्जी कंपनी बनाई थी। उसने उत्तर प्रदेश, हरियाणा और उत्तराखंड के सैकड़ों लोगों को हर महीने 10 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये निवेश करवाए। इसके बाद वह सारा पैसा लेकर 2025 में अपनी पत्नी के साथ सऊदी अरब फरार हो गया।
आरोपी ने मुजफ्फरनगर के 42 व्यापारियों से करीब 3 करोड़ रुपये की ठगी की थी। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
80 करोड़ के लेन-देन के मिले सबूत
हाजी इकराम ईद मनाने के लिए भारत लौटा था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और सिविल लाइन थाना पुलिस ने मॉल रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक लैपटॉप, तीन मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड और एक पासपोर्ट बरामद किया गया है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खातों में करीब 80 करोड़ रुपये के ट्रांजैक्शन के सबूत मिले हैं। पासपोर्ट के जरिए उसके सऊदी अरब, नेपाल और दुबई जाने की जानकारी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है।
पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले भी 6 से 7 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसकी संपत्ति जब्त कर पीड़ितों को उनका पैसा लौटाने की कोशिश करेगी। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

