Naseem Shah: नसीम शाह पर लगा 2 करोड़ का जुर्माना, PCB ने दी कड़ी सजा, जानें क्या है वजह

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह को सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित टिप्पणी भारी पड़ गई है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अनुशासनात्मक सुनवाई के बाद नसीम पर 2 करोड़ पाकिस्तानी रुपये (करीब 68 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया है। यह राशि उनकी सालाना सैलरी के आधे से भी अधिक बताई जा रही है। माफी मांगने के बावजूद बोर्ड ने कड़ी सजा सुनाई।

PCB की अनुशासन समिति के समक्ष 30 मार्च को हुई पेशी में नसीम शाह ने अपना पक्ष रखा और बिना शर्त माफी मांगी।

नसीम ने पहले दावा किया था कि विवादित पोस्ट उनके अकाउंट के हैक होने के कारण हुई, लेकिन जांच के बाद बोर्ड ने नोटिस के जवाब को अपर्याप्त मानते हुए जुर्माना बरकरार रखा।

सैलरी पर बड़ा असर

PCB के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में नसीम शाह ग्रेड C में हैं, जहां उनकी सालाना सैलरी लगभग 2.5 मिलियन पाकिस्तानी रुपये (करीब 85 लाख रुपये) है।

लगाए गए जुर्माने के बाद उनकी आय का बड़ा हिस्सा कट जाएगा। इसके अलावा, नसीम ने अपने सोशल मीडिया एडवाइजर को हटा दिया है, जबकि PCB ने संबंधित एडवाइजर को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।

Naseem Shah

विवाद की जड़ क्या थी?

मामला मरयम नवाज से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ। PCB के आधिकारिक अकाउंट पर मरयम नवाज की PSL मैच में मौजूदगी से जुड़ी पोस्ट पर नसीम ने टिप्पणी करते हुए सवाल खड़े किए थे।

उन्होंने स्टेडियम में दर्शकों पर प्रतिबंध के बीच इस तरह की मौजूदगी की तुलना “लॉर्ड्स में महारानी” जैसी टिप्पणी से कर दी थी।

विवाद बढ़ते ही नसीम ने पोस्ट डिलीट कर दी और अकाउंट हैक होने का दावा किया, लेकिन PCB ने अगले ही दिन उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया था।

अब सुनवाई के बाद बोर्ड ने स्पष्ट संदेश दिया है कि खिलाड़ियों से सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदार आचरण की अपेक्षा की जाती है।

PSL 2026 में खेल रहे नसीम

नसीम शाह फिलहाल पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में खेल रहे हैं। PCB की यह कार्रवाई खिलाड़ियों के लिए सोशल मीडिया गाइडलाइंस के पालन को लेकर सख्त रुख के तौर पर देखी जा रही है।

Also Read: VIDEO: आसान नहीं था जाना… जब LIVE मैच में रोने लगे रवींद्र जडेजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.