नालंदा में माता शीतला मंदिर में मची भीषण भगदड़, 8 महिलाओं की दबकर मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ प्रसिद्ध माता शीतला मंदिर में अचानक मची भीषण भगदड़ में दबने से 8 महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई है। इस हादसे में 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा उस समय हुआ जब मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी।
चैत्र के अंतिम मंगलवार पर उमड़ा था जनसैलाब
बताया जा रहा है कि नालंदा के इस शीतला माता मंदिर में हर मंगलवार को विशेष पूजा-अर्चना होती है, जिसके लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुँचते हैं। आज चैत्र मास का अंतिम मंगलवार होने के कारण सुबह से ही मंदिर परिसर में जनसैलाब उमड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में अचानक भगदड़ मच गई, जिससे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी अफरा-तफरी और आपाधापी में कई महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं और दम तोड़ने पर मजबूर हो गईं।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस भीषण हादसे के बाद मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंदिर में सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई थी, जिससे भीड़ प्रबंधन (Crowd Management) पूरी तरह से विफल रहा। पटना से माता के दर्शन के लिए आई एक महिला श्रद्धालु ने आपबीती सुनाते हुए कहा, यहाँ काफी ज्यादा भीड़ थी, लेकिन प्रशासन ने पूरी व्यवस्था नहीं की थी। हालत यह हो गई कि लोग एक-दूसरे को धक्का देकर आगे बढ़ने लगे। इसी धक्का-मुक्की के दौरान यह भीषण घटना हुई। हमें पहले सूचना मिली थी कि 5 महिलाओं की मौत हुई है, लेकिन असल में कई और लोगों की जान गई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ (SDPO) समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। हालांकि, भगदड़ क्यों मची, इसकी सटीक वजह अभी तक सामने नहीं आई है और इसकी जाँच की जा रही है। हादसे के बाद मंदिर परिसर को पूरी तरह से खाली करा दिया गया है और वहाँ भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।
Also Read: Naseem Shah: नसीम शाह पर लगा 2 करोड़ का जुर्माना, PCB ने दी कड़ी सजा, जानें क्या है वजह

