अब वीरता पुरस्कार विजेताओं और उनके परिवारों को मिलेगी जीवनभर फ्री रेल यात्रा की सुविधा
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों और उनके परिवारों के त्याग व साहस का सम्मान करते हुए केंद्र सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला सुनाया है। अब थल सेना, नौसेना और वायुसेना के उन सभी जांबाजों को, जिन्होंने वीरता पदक (Gallantry Awards) जीते हैं, भारतीय रेलवे की ट्रेनों में ताउम्र मुफ्त सफर की सुविधा दी जाएगी। यह निर्णय केवल सैनिकों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिजनों को भी संबल देने के लिए लिया गया है।
किन्हें मिलेगा इस सुविधा का सीधा लाभ
सरकार द्वारा जारी नए नियमों के अनुसार, निम्नलिखित श्रेणियों के लोग इस सम्मानजनक रियायत के पात्र होंगे।
वीरता पुरस्कार विजेता: पदक प्राप्त करने वाले सभी सैन्य अधिकारी और जवान।
जीवनसाथी: यदि पुरस्कार विजेता का निधन हो गया है, तो उनकी विधवा या विधुर (जब तक वे पुनर्विवाह नहीं करते)।
माता-पिता: यदि वीरता पुरस्कार मरणोपरांत (शहादत के बाद) मिला है और सैनिक अविवाहित था, तो उनके माता-पिता इस आजीवन मुफ्त यात्रा के हकदार होंगे।
इन श्रेणियों में कर सकेंगे मुफ्त सफर
केंद्र सरकार के आदेश के मुताबिक, लाभार्थी अपने साथ एक सहायक (Companion) को भी ले जा सकेंगे। मुफ्त यात्रा की सुविधा रेलवे की इन श्रेणियों में फर्स्ट क्लास (First Class), सेकंड एसी (2 AC) और एसी चेयर कार (AC Chair Car) उपलब्ध होगी।
रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। यह फैसला उन वीरों के प्रति देश की कृतज्ञता प्रकट करने का एक माध्यम है, जिन्होंने सरहदों पर अपनी जान की बाजी लगाकर देश की सुरक्षा सुनिश्चित की है। इस निर्णय से देश भर के हजारों सैन्य परिवारों को न केवल आर्थिक लाभ मिलेगा, बल्कि उन्हें यह गर्व भी महसूस होगा कि राष्ट्र उनके बलिदान का सम्मान करता है।
Also Read: सीएम योगी ने सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के गोरखपुर सेंटर का किया उद्घाटन

