NEET UG Counselling 2026: आज से स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन, जानें पूरा शेड्यूल
NEET UG Counselling 2026: NEET UG Counselling 2026 के तहत मेडिकल कॉलेजों में ऑल इंडिया कोटे की खाली बची MBBS सीटों को भरने के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) आज, 12 अक्टूबर से स्ट्रे वैकेंसी राउंड की प्रक्रिया शुरू करेगी। योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट mcc.nic.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। आवेदन की आखिरी तारीख 14 अक्टूबर 2026 है।
चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 12 से 15 अक्टूबर तक चलेगी। उम्मीदवार 14 अक्टूबर को शाम 4 बजे से 15 अक्टूबर को सुबह 10 बजे तक अपनी पसंद लॉक कर सकेंगे। सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया 15 और 16 अक्टूबर को होगी। इसका परिणाम 17 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा।
जिन उम्मीदवारों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 19 से 26 अक्टूबर 2026 के बीच संबंधित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा।
NEET UG Counselling 2026 का पूरा शेड्यूल
- रजिस्ट्रेशन शुरू: 12 अक्टूबर 2026
- रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख: 14 अक्टूबर 2026
- चॉइस फिलिंग: 12 से 15 अक्टूबर 2026
- चॉइस लॉकिंग: 14 अक्टूबर शाम 4 बजे से 15 अक्टूबर सुबह 10 बजे तक
- सीट अलॉटमेंट प्रक्रिया: 15 से 16 अक्टूबर 2026
- सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 17 अक्टूबर 2026
- कॉलेज में रिपोर्टिंग: 19 से 26 अक्टूबर 2026
कौन कर सकता है स्ट्रे वैकेंसी राउंड में आवेदन?
एमसीसी के नियमों के अनुसार, इस राउंड में वही उम्मीदवार हिस्सा ले सकेंगे जो पात्रता शर्तें पूरी करते हैं। जिन उम्मीदवारों ने स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे इसमें भाग नहीं ले पाएंगे।
इसके अलावा, पहले से किसी कॉलेज में दाखिला ले चुके या संबंधित राउंड के समय सीट पर काबिज उम्मीदवार पात्र नहीं होंगे। एमसीसी काउंसलिंग के राउंड-3 में सीट मिलने के बाद आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट नहीं करने वाले उम्मीदवार भी इस राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे।
फाइनल स्ट्रे वैकेंसी राउंड के लिए नए सिरे से रजिस्ट्रेशन करना होगा। जिन उम्मीदवारों के नाम केंद्र या राज्य स्तर पर आवंटित उम्मीदवारों की सूची में होंगे, उन्हें ऑल इंडिया स्ट्रे वैकेंसी राउंड से बाहर रखा जाएगा।
जरूरी चेतावनी: यदि किसी उम्मीदवार को स्ट्रे वैकेंसी राउंड में सीट मिलती है, तो उसे आवंटित कॉलेज में दाखिला लेना होगा। ऐसा नहीं करने पर उसकी सिक्योरिटी डिपॉजिट जब्त हो सकती है। साथ ही, उसे आगे होने वाली किसी भी काउंसलिंग में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं मिलेगी।
सीट ब्लॉकिंग रोकने के लिए MCC ने उठाया कदम
एमसीसी ने ऑल इंडिया कोटे के तहत दाखिला ले चुके उम्मीदवारों का डेटा जारी किया है। राज्यों को निर्देश दिया गया है कि वे इन उम्मीदवारों को अपनी काउंसलिंग प्रक्रिया से बाहर रखें, ताकि एक ही उम्मीदवार के पास दो सीटें न रहें।
ऑल इंडिया कोटे के राउंड-3 की रिपोर्टिंग 9 अक्टूबर को खत्म होने के बाद, एमसीसी ने 10 अक्टूबर को नोटिस जारी किया। इसमें राज्यों से कहा गया कि वे अपने राउंड-3 के सीट आवंटन से पहले उन उम्मीदवारों को सूची से हटा दें, जो ऑल इंडिया कोटे के तहत सीट पर दाखिला ले चुके हैं।
राज्य काउंसलिंग अथॉरिटी एमसीसी के विशेष डेटा शेयरिंग पोर्टल से उन उम्मीदवारों की सूची डाउनलोड कर सकती हैं, जिन्होंने राउंड-1, राउंड-2 या राउंड-3 में एमसीसी की आवंटित सीट पर दाखिला लिया है।
केवल दाखिला ले चुके उम्मीदवार ही राज्य की सूची से हटेंगे
यदि किसी उम्मीदवार ने एमसीसी की ओर से आवंटित सीट पर दाखिला ले लिया है, तो उसका नाम राज्य काउंसलिंग के परिणाम से हटा दिया जाएगा। लेकिन जिसे सीट आवंटित हुई थी और उसने दाखिला नहीं लिया, उसका नाम राज्य की काउंसलिंग प्रक्रिया में बना रहेगा।
इस डेटा के आधार पर राजस्थान जैसे राज्यों के प्रोविजनल या संकेतात्मक परिणामों में बदलाव किया जा सकता है। दाखिला ले चुके उम्मीदवारों को हटाने के बाद संशोधित और अंतिम परिणाम जारी किए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य सीट ब्लॉकिंग रोकना और काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।

