नेपाल बाढ़ का कहर: 6 हाइड्रो प्रोजेक्ट्स में 850 से ज्यादा लोग फंसे, सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Nepal Disaster: नेपाल में भीषण बाढ़ (Flood) और भूस्खलन के बाद हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। रसुवा जिले की कम से कम छह जलविद्युत परियोजनाओं (Hydropower Projects) में 850 से अधिक लोगों के फंसे होने की आशंका है। इन्हें सुरक्षित निकालने के लिए नेपाली सेना और नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (NAPF) का संयुक्त अभियान जारी है।

राहत और बचाव अभियान में करीब 11 हजार जवान लगाए गए हैं। इनमें नेपाली सेना के 7 हजार और एनएपीएफ के 4 हजार जवान शामिल हैं। टूटी सड़कें, भारी कीचड़, मलबा और खराब मौसम रेस्क्यू टीमों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बने हुए हैं।

छह हाइड्रो प्रोजेक्ट्स में फंसे लोगों की तलाश

NAPF के प्रवक्ता डीआईजी नेत्र बहादुर कार्की के मुताबिक, बचाव दल का फोकस ऊपरी त्रिशूली, ऊपरी त्रिशूली-1, रसुवा, त्रिशूली-3ए, चिलिमे खोला और लांगटांग जलविद्युत परियोजनाओं पर है। इन इलाकों में कम से कम 850 लोगों के फंसे होने की आशंका जताई गई है।

रेस्क्यू टीमों की ओर से ड्रोन (Drone) समेत दूसरे संसाधनों की मदद ली जा रही है। हालांकि लगातार बारिश, खराब मौसम और कई जगह रास्ते कट जाने से अभियान प्रभावित हो रहा है। सुबह बारिश के कारण रुका अभियान दोपहर में फिर शुरू किया गया। रसुवा के धुंचे तक चार पहिया वाहनों के लिए सड़क भी खोल दी गई है।

मलबे में फंसी 6 साल की बच्ची को बचाया

बाढ़ और मलबे के बीच एक राहत भरी खबर भी सामने आई। रसुवा के तिमुरे में करीब 60 घंटे तक मलबे के नीचे फंसी छह साल की बच्ची मनीषा को सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित निकाल लिया। टीम ने बच्ची के रोने की आवाज सुनकर उसकी लोकेशन का पता लगाया था। हालांकि उसके माता-पिता के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल सकी है।

Nepal सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल राजाराम बसनेट ने बताया कि त्रिशूली-3ए जलविद्युत सुरंग (Trishuli 3A Hydropower Tunnel) में जमा कीचड़ और पत्थरों को हटाकर बाहर निकलने का रास्ता तलाशा जा रहा है। इसके लिए ड्रिलिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

NAPF के मुताबिक, इस त्रासदी (Nepal Disaster) के पहले दिन से उसके 13 जवान भी लापता हैं। अधिकारियों का कहना है कि खराब मौसम और भारी मलबे के बीच जारी यह अभियान अब तक के सबसे चुनौतीपूर्ण बचाव अभियानों में से एक है।

Also Read: ग्लेशियर टूटने का वीडियो कैमरे में कैद, नेपाल-चीन सीमा पर ऐसे आई तबाही

Get real time updates directly on you device, subscribe now.