नेपाल का दर्दनाक मंजर: मुर्दाघरों में जगह खत्म, शवों की पहचान मुश्किल, सैकड़ों अब भी लापता

Nepal Flash Flood: नेपाल में बाढ़ के बाद तबाही का मंजर और भयावह होता जा रहा है। लगातार शव बरामद होने के कारण कई जिलों के मुर्दाघरों (Morgues) में जगह कम पड़ गई है। हालात ऐसे हैं कि परिवारों को अपने लापता परिजनों की तलाश के साथ बरामद शवों की पहचान करने में भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ के बाद बहकर आए शव नदी के बहाव की दिशा में काफी दूर-दूर तक मिले हैं। रसुवा और नुवाकोट से बहकर आए शव चितवन, तनहुं, नवलपरासी समेत कई इलाकों में बरामद किए गए हैं। इससे शवों को सुरक्षित रखने और उनकी पहचान कराने की चुनौती लगातार बढ़ रही है।

चितवन में शव रखने के लिए बनेगा अस्थायी केंद्र

नुवाकोट, धाडिंग और नवलपरासी में मुर्दाघरों की क्षमता कम पड़ने के बाद कुछ शवों को दूसरे जिलों में भेजा गया है। चितवन में भी अस्पतालों के मुर्दाघरों पर दबाव बढ़ गया है। इसी को देखते हुए भरतपुर में एक अस्थायी शव संरक्षण केंद्र तैयार किया जा रहा है।

भरतपुर मेट्रोपॉलिटन सिटी-10 स्थित एक खाली इमारत को इसके लिए तैयार किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, चितवन के अस्पतालों में एक साथ करीब 30 से 50 शव ही रखे जा सकते हैं, जबकि नए शव लगातार बरामद हो रहे हैं।

प्रस्तावित अस्थायी केंद्र में करीब 250 शव रखने की क्षमता तैयार करने की योजना है। जरूरत पड़ने पर देवघाट स्थित विद्युत शवदाह गृह का भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

शवों को सुरक्षित रखने के लिए ड्राई आइस का इंतजाम

अस्थायी केंद्र में तापमान नियंत्रित रखने के लिए एयर कंडीशनर लगाए जाएंगे और शवों को सुरक्षित रखने के लिए ड्राई आइस का इस्तेमाल किया जाएगा। स्थानीय औद्योगिक और व्यापारिक संगठनों ने ड्राई आइस की व्यवस्था में सहयोग करने पर सहमति जताई है।

इस बीच लापता लोगों के परिजन अलग-अलग जिलों से चितवन पहुंच रहे हैं। नदियों से शव मिलने के साथ परिवारों की उम्मीद और चिंता दोनों बढ़ रही हैं। अधिकारी लगातार शवों की बरामदगी, पहचान और परिजनों तक सूचना पहुंचाने के काम में जुटे हैं। नेपाल की इस त्रासदी (Nepal Flash Flood Tragedy) में राहत और तलाश अभियान अभी भी जारी है।

Also Read: Nepal में नई तबाही का खतरा! 50 लाख क्यूबिक मीटर पानी से बनी झील, चीन ने किया अलर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.