27 राज्यसभा और 17 विधान परिषद सीटों पर चुनाव की अधिसूचना जारी, नामांकन शुरू

Sandesh Wahak Digital Desk: देश की राजनीति में एक बार फिर चुनावी हलचल तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने 27 राज्यसभा सीटों और 17 विधान परिषद सीटों पर चुनाव कराने के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसी के साथ आज सुबह 11:00 बजे से ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया का भी शंखनाद हो गया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, प्रत्याशी आगामी 8 जून को दोपहर 3:00 बजे तक अपने नामांकन पर्चे दाखिल कर सकेंगे।

इसके बाद, 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी, जबकि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 11 जून निर्धारित की गई है। सभी सीटों पर 18 जून को मतदान (वोटिंग) संपन्न होगा, जो शाम 4:00 बजे तक चलेगा। खास बात यह है कि वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद उसी दिन मतों की गिनती (काउंटिंग) की जाएगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक, इस पूरी प्रक्रिया के तहत देश के 10 अलग-अलग राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने जा रहे हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र, तमिलनाडु और ओडिशा की एक-एक राज्यसभा सीट पर रिक्त हुए पदों के लिए उपचुनाव कराए जा रहे हैं। इस तरह कुल मिलाकर संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) की 27 सीटों पर नए चेहरों का चयन होगा।

दूसरी ओर, राज्यों के उच्च सदन यानी विधान परिषद की बात करें तो बिहार की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव और 1 सीट पर उपचुनाव होना तय हुआ है। इसके अतिरिक्त, दक्षिण भारत के अहम राज्य कर्नाटक की 7 विधान परिषद सीटों पर भी द्विवार्षिक चुनाव संपन्न कराने के लिए यह अधिसूचना जारी की गई है। इस बड़े चुनावी कार्यक्रम के ऐलान के बाद सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Also Read: भारत-नेपाल कॉरिडोर सड़क परियोजना पर विवाद, सिद्धार्थनगर में सर्वे के खिलाफ लामबंद हुए ग्रामीण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.