अब श्रावस्ती में भी मिलेगी हवा की गुणवत्ता की सटीक जानकारी, लगाई गई वायु मापक मशीन

Shravasti News: जिले में अब हवा की गुणवत्ता की सटीक जानकारी मिल सकेगी। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने वायु गुणवत्ता मापने वाली मशीनें लगाई हैं। इनका उद्देश्य जिले में प्रदूषण पर लगातार नजर रखना और उसे नियंत्रित करना है। आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि प्रदूषण बोर्ड ने पहले अस्थाई मशीन लगाकर हवा की गुणवत्ता जाँची थी। इसके बाद, डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की एक टीम ने जिले का दौरा कर मशीनों को लगाने के लिए सही जगह चुनी।

दो मशीनों से होगी सटीक माप

प्रोफेसर विनोद चौधरी के अनुसार, हवा की गुणवत्ता की सही माप के लिए दो मशीनों की जरूरत होती है। एक मशीन को शहर के बीच में और दूसरी को शहर से 3 किलोमीटर दूर लगाया जाता है। इन मशीनों को 24 घंटे चलाकर रिपोर्ट तैयार की जाती है। इन्हीं मानकों को ध्यान में रखते हुए, एक मशीन कलेक्ट्रेट में और दूसरी तहसील भिनगा में लगाई गई है। इन्हें ऐसी सुरक्षित जगहों पर स्थापित किया गया है, जहाँ इनके चारों तरफ कम से कम 10 मीटर की खुली जगह हो।

अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि वायु की गति, नमी और हवा के दबाव जैसी चीजों को मापने के लिए पहले से ही हर तहसील में स्वचालित मशीनें लगी हुई हैं। अब नई मशीनों के लगने से हवा की गुणवत्ता की सटीक जानकारी भी आसानी से मिल जाएगी, जिससे प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।

Also Read: श्रावस्ती में ‘समाधान दिवस’ का आयोजन, पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनता की शिकायतें

Get real time updates directly on you device, subscribe now.