देश विरोधी कंटेंट पर अब लगेगा ब्रेक, सरकार ला रही नई पॉलिसी

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्र सरकार अब सोशल मीडिया पर देश के खिलाफ नफरत फैलाने वाले तत्वों पर शिकंजा कसने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्रालय इसके लिए एक नई और सख्त पॉलिसी लाने जा रहा है। इस नई नीति के तहत, सोशल मीडिया पर देश विरोधी वीडियो या पोस्ट शेयर करने वाले लोग अब बच नहीं पाएंगे। उनके हैंडल ब्लॉक किए जाएंगे और उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

देश विरोधी वेबसाइट्स पर भी गिरेगी गाज

सूत्रों की मानें तो, सिर्फ सोशल मीडिया ही नहीं, बल्कि विभिन्न वेबसाइट्स पर भी जो आपत्तिजनक और देश विरोधी कंटेंट अपलोड किया जाता है, उन पर भी जल्द ही एक्शन लिया जाएगा। इंटेलिजेंस एजेंसियों के आला अधिकारियों ने गृह मंत्रालय की संसदीय कमेटी को इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि ऐसे तत्वों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पन्नू जैसे आतंकियों पर लगेगा अंकुश

संसदीय समिति को यह भी बताया गया है कि देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों की सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा। यह टीम ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। यह पहल ऐसे समय में की जा रही है जब खालिस्तान अलगाववादी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू समेत कई अन्य देश विरोधी तत्व सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय हैं और नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। नई पॉलिसी आने के बाद ऐसे तत्वों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकेगा।

केंद्र सरकार इस मामले में सिर्फ आंतरिक स्तर पर ही काम नहीं कर रही है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रयास कर रही है। सरकार अमेरिकी सरकार और बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से भी बातचीत कर रही है। केंद्र सरकार चाहती है कि सोशल मीडिया कंपनियाँ खुद अपने स्तर पर यह सुनिश्चित करें कि भारत विरोधी तत्व उनके प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह का आपत्तिजनक कंटेंट अपलोड न कर पाएं। CBI, NIA, प्रदेश की पुलिस और आंतरिक सुरक्षा से जुड़ी अन्य एजेंसियाँ भारत विरोधी तत्वों की ऐसी कोशिशों को रोकने के लिए एक विस्तृत रणनीति बनाने पर काम कर रही हैं, जिसे जल्द ही अमल में लाया जा सकता है।

Also Read: गुजरात से 250 अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को हथकड़ी लगाकर किया गया डिपोर्ट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.