‘अब फाइलें नहीं, फैसले दौड़ते हैं’… यूपी की नौकरशाही पर CM Yogi का बड़ा बयान
UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने शुक्रवार को लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के नए परिसर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी की नौकरशाही अब ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ की शिकार नहीं है, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी गति से काम कर रही है।
करीब 464 करोड़ रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक परिसर के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों और प्रशिक्षु अफसरों को संबोधित किया।
CM Yogi ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका होगी। इसके लिए गांव, कस्बों और शहरों को आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व केवल विजन देता है, लेकिन उसे जमीन पर उतारने की जिम्मेदारी प्रशासनिक मशीनरी की होती है।
योगी ने अकादमी को देश के अग्रणी ‘स्कूल ऑफ पब्लिक लीडरशिप’ के रूप में विकसित करने की बात भी कही।
टीमवर्क और तकनीक पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से लगातार सीखने, तकनीक आधारित सुशासन अपनाने और नवाचार को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीमवर्क, सकारात्मक सोच और नई कार्यशैली ही बेहतर प्रशासन की पहचान है।
पूर्व सरकारों पर भी साधा निशाना
योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की छवि नकारात्मक बन गई थी और लोगों को लगता था कि यहां कोई भी सरकारी योजना सफल नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश ने अपनी नई पहचान बनाई है और आज देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था, सुशासन, तकनीक आधारित सुधार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने नए मानक स्थापित किए हैं।
Also Read: आम की राजधानी बना उत्तर प्रदेश, देश के कुल उत्पादन में 26 प्रतिशत योगदान पर बोले सीएम योगी

