अब 12 और राज्यों में होगा SIR, चुनाव आयोग का बड़ा ऐलान

Sandesh Wahak Digital Desk: चुनाव आयोग ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दूसरे चरण की घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि बिहार में इस प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन के बाद अब इसे देश के 12 चयनित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि SIR का मकसद केवल मतदाता सूची को दुरुस्त करना ही नहीं, बल्कि हर पात्र नागरिक को लोकतंत्र की इस सबसे अहम प्रक्रिया में शामिल करना है।

हर योग्य नाम जुड़े, हर दोहराया नाम हटे

इस प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत में सीईसी ज्ञानेश कुमार ने बिहार के मतदाताओं को छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा, मैं बिहार के 7.5 करोड़ मतदाताओं को नमन करता हूं। SIR के बाद हमने देश के सभी 36 राज्य चुनाव आयुक्तों के साथ बैठक की, जिसमें देशभर में चल रहे इस विशेष गहन पुनरीक्षण के अनुभव साझा किए गए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि इस अभियान का सबसे बड़ा लक्ष्य है, योग्य मतदाताओं को सूची में जोड़ना और अयोग्य या दोहराए गए नामों को हटाना। उन्होंने बताया कि 1951 से लेकर 2004 तक कुल आठ बार ऐसा पुनरीक्षण हो चुका है, बावजूद इसके सभी राजनीतिक दल समय-समय पर मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायत करते रहे हैं।

आज रात 12 बजे से मतदाता सूची फ्रीज

चुनाव आयोग के मुताबिक, जिन राज्यों में यह अभियान चलेगा, वहां की मतदाता सूची आज रात 12 बजे से फ्रीज कर दी जाएगी। हर मतदान केंद्र पर एक BLO (Booth Level Officer) और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक ERO (Electoral Registration Officer) तैनात रहेगा। आयोग ने बताया कि आज ही सभी मतदाताओं के लिए इन्यूमेरेशन फॉर्म (EF) प्रिंट किए जाएंगे। हर BLO कम से कम तीन बार घर-घर जाकर जानकारी जुटाएगा, ताकि कोई पात्र व्यक्ति छूट न जाए। वहीं जो मतदाता फिलहाल अपने क्षेत्र से बाहर हैं, वे ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकेंगे। इस प्रक्रिया में किसी अतिरिक्त दस्तावेज़ की आवश्यकता नहीं होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि यह पहल न केवल चुनाव प्रणाली को पारदर्शी बनाएगी, बल्कि मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और अद्यतन भी बनाएगी।

 

Also Read: जात-पात और भेदभाव ने देश को गुलामी की ओर धकेला: CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.