अब Swiggy से ऑनलाइन ऑर्डर करने पर LPG सिलिंडर भी मिलेगा, गैस कनेक्शन की भी नहीं जरूरत
Swiggy Instamart HPCL Partnership: अब किराने का सामान ही नहीं, बल्कि LPG सिलिंडर भी ऑनलाइन ऑर्डर कर घर मंगाया जा सकेगा। Swiggy Instamart ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के साथ साझेदारी कर देश की पहली ऑन-डिमांड LPG सिलिंडर डिलीवरी सेवा शुरू की है। इस नई सुविधा के तहत ग्राहक ऐप के जरिए गैस सिलिंडर बुक कर सीधे अपने घर मंगवा सकेंगे।
फिलहाल इस सेवा की शुरुआत बेंगलुरु से की गई है। यहां ग्राहक HPCL का नया ‘HP Navya’ 10 किलोग्राम कम्पोजिट LPG सिलिंडर ऑर्डर कर सकेंगे। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में इस सुविधा का विस्तार दूसरे शहरों में भी किया जा सकता है।
क्या है HP Navya सिलिंडर की खासियत?
HP Navya पारंपरिक गैस सिलिंडर की तुलना में हल्का है और इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होती। इसकी पारदर्शी (Transparent) बॉडी की वजह से ग्राहक आसानी से देख सकते हैं कि सिलिंडर में कितनी गैस बची है।

यह सिलिंडर खासतौर पर छोटे परिवारों, अपार्टमेंट में रहने वालों, छात्रों, कामकाजी लोगों और ऐसे घरों के लिए उपयोगी माना जा रहा है, जिन्हें अतिरिक्त LPG सिलिंडर की जरूरत होती है। इसके अलावा Instamart पर HPCL का 5 किलोग्राम वाला मेटल LPG सिलिंडर भी उपलब्ध रहेगा।
बिना गैस कनेक्शन के भी कर सकेंगे ऑर्डर
इस नई सेवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सिलिंडर मंगाने के लिए पहले से घरेलू LPG कनेक्शन होना जरूरी नहीं होगा। पहली बार ऑर्डर करने पर ग्राहक को नया सिलिंडर मिलेगा, जबकि अगली बार गैस भरवाने (रीफिल) के दौरान खाली HPCL सिलिंडर डिलीवरी एजेंट को वापस करना होगा।
Swiggy Instamart के CEO अमितेश झा ने कहा कि कंपनी अब केवल किराने के सामान तक सीमित नहीं रहना चाहती। HPCL के साथ यह साझेदारी ग्राहकों तक एक और जरूरी घरेलू सुविधा तेज और भरोसेमंद तरीके से पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम है।
Also Read: Zomato की बढ़ी मुश्किलें, होटल मालिकों ने CCI में की शिकायत, 22 जुलाई को सुनवाई

